Spread the love

शिमला। हिमाचल में भारी बारिश ने तबाही मचाई है। भारी बारिश और चार जगह बादल फटने से संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है। कुल्लू जिला के आनी में बादल फटने के बाद मकान पर मलबा गिरने से नानी-दोहती की मौत हो गई। वहीं शिमला और चंबा जिला में सड़क हादसों में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। बारिश के कारण हुई दुर्घटनाओं में वीरवार को आठ लोग घायल हुए हैं। शिमला जिला के रोहडू में भू-स्खलन की चपेट में एक घर आ गया, जिसमें रह रहे चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया हैं।

उधर, कुल्लू के आनी एरिया की देवठी पंचायत में गुरुवार तड़के तीन बजे बादल फटने से सैलाब आ गया। यहां पहाड़ का मलबा खदेड़ गांव में मकान पर गिरा, जिससे जिसमें रह रही 60 साल की महिला और उनकी 16 साल की दोहती की दबने से मौत हो गई। बागीपुल के स्वाह और चनाई गाड में बादल फटने से आई बाढ़ के चलते आनी और निरमंड का कुल्लू जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया। लाहुल-स्पीति, मंडी, शिमला जिला के रामपुर और चंबा जिला के अल्लाह नाला में भी बादल फटने से भारी नुकसान हुआ। चंबा में एक कंप्रेशन मशीन बाढ़ में बह गई।

उधर, चंबा और भरमौर में लगातार हो रही बारिश की वजह से लगातार भू-स्खलन की घटना पेश आई है। बुधिल नाला के पास बादल फटने से रावी नदी का बहाव बढ़ गया। प्रंघाला नाले में बाढ़ आने से भारी नुकसान हुआ है। हड़सर मार्ग लाहल व प्रंघाला के पास भू-स्खलन के कारण बंद हो गया है। मणिमहेश जाने वाला रास्ता भी बिल्कुल बंद है, जिस कारण श्रद्धालु रास्ते में फंस गए हैं। भाखड़ा-ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड के इंजीनियर राजेश हांडा ने बताया कि कुल्लू-मनाली के ऊपरी हिस्सों में हो रही भारी बरसात की वजह से ब्यास नदी उफान पर है। इसे देखते हुए ब्यास नदी पर बने पंडोह डैम के सारे गेट खोल दिए गए। यहां फ्लशिंग का काम शुक्रवार शाम छह बजे तक जारी रहेगा। डैम से पानी छोड़े जाने से पहले मंडी जिला प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है। ब्यास नदी के किनारे रहने वाले लोगों से अपील की गई है कि वह नदी किनारे न जाएं।

इस बीच, हिमाचल में हो रही तेज बारिश के कारण जानमाल को पहुंच रहे नुकसान को देखते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने लोगों से जरूरी एहतियात बरतने की अपील की है। मुख्यमंत्री ने लोगों से आग्रह किया है कि वे संवेदनशील क्षेत्रों में न जाएं। भारी बारिश को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को बचाव और राहत कार्य करने के जरूरी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसी बीच, मौसम विभाग ने 15 अगस्त तक प्रदेश भर में यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान प्रदेश में भारी बारिश होने की आशंका है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *