शिमला। भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और वर्तमान में आरटीए के सदस्य व उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर के करीबी रहे जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के मुकेश कुमार शनिवार को कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस की विधिवत रूप से सदस्यता ग्रहण कर ली।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन व प्रदेश कांग्रेस महासचिव व शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने मुकेश कुमार को कांग्रेस पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान जसवां परागपुर ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेंद्र मनकोटिया भी उपस्थित थे।
मुकेश कुमार ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के उपरांत कहा कि आज देश व प्रदेश में भाजपा की नीतियों व निर्णयों से आम जन परेशान है। उन्होंने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी व महंगाई से लोग परेशान हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही देश व प्रदेश में जनहित के कार्यों को करती है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय मे बड़ी संख्या में भाजपा के कई नेता व कार्यकर्ता भाजपा छोड़ कर कांग्रेस का दामन थामेंगे।
