Spread the love

शिमला। सेब बागवानों के प्रति भाजपा सरकार के उदासीन रवैये और लिए गए बागवान विरोधी निर्णयों के चलते शनिवार को सैंकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और बागवानों ने रामपुर में जोरदार प्रदर्शन किया‌ तथा सरकार के खिलाफ रैली निकाली। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रामपुर के दरबार परिसर से रैली निकाली तथा मुख्य बाजार से बस स्टैंड तक प्रदर्शन किया। इसके बाद रैली को शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने संबोधित किया।

विक्रमादित्य सिंह ने सरकार पर तीखा निशाना साधते हुए कहा कि आज सेब की पेटियों‌ के दामों में भारी बढ़ोतरी कर दी गई है। इसकी मुख्य वजह है कि सेब पेकिंग मेटेरियल को सरकार ने जीएसटी के दायरे में ला दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने‌ ऐसा‌ कदम‌ उठाते‌ हुए एक बार भी यह नहीं सोचा कि ऐसा करने से प्रदेश के कितने बागवानों को और किसानों को नुकसान होगा। इनकी आजीविका का साधन ही कृषि और बागवानी है। 

विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अंग्रेजों की चाल चल रही है और इसका जवाब आने वाले दिनों में जनता देगी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश का कर्मचारी, युवा व आम आदमी सरकार की नीतियों से परेशान हो चुका है। उन्होंने कहा कि खाने पीने की चीजों पर जीएसटी लगाकर सरकार ने अपनी मंशा साफ कर दी है। सरकार किसान-बागवान को जमीन में लाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय में बागवानों को कभी दिक्कत नहीं थी‌। उन्होंने कहा कि सरकार ने जीएसटी को 5 नहीं, 18 प्रतिशत किया है। बागवानों को एचपीएमसी के द्वारा मात्र कुछ लाख पेटियां ही उपलब्ध करवाई जाती हैं। लेकिन 3 से 4 करोड़ की पेटी अब लोगों को जीएसटी चुकाकर खरीदनी पड़ेगी। 

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा के किसी मंत्री ने सेब सीजन के दौरान बागवानों के बीच आकर उनसे नहीं‌ पूछा कि उन्हें सेब सीजन को लेकर क्या दिक्कत व परेशानी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में 72 हजार का ऋण कांग्रेस ने ही वापिस किया था। आज किसान क्रेडिट कार्ड का ब्याज तक वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में घोटाले कम नहीं हुए हैं। पुलिस भर्ती पेपर घोटाला भाजपा के लिए एक दाग है और इसे कोई नहीं मिटा सकता। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी देने के नाम पर धोखा दिया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को यह बताना चाहिए कि आज तक कितने युवाओं को रोजगार दिया गया है। उन्होंने कहा कि धर्मशाला में प्रधानमंत्री मोदी की आवभगत के लिए 15 करोड़ रुपए का तंबू लगाया गया था, लेकिन उस इन्वेस्टर मीट का कोई लाभ नहीं मिला है। 

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा सरकार के विरोध में रविवार को ओपीएस कर्मचारियों का एक बहुत बड़ा सम्मेलन रामपुर में होने जा रहा है। इससे साफ है कि कर्मचारियों के साथ सरकार ने धोखा किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही ओपीएस की मांगें हर हाल में पूरी की जाएगी और जिन कर्मचारियों को पेंशन से वंचित किया गया है, उन्हें पेंशन का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोमवार विधानसभा में कांग्रेस बागवानों के लिए लड़ती आई है और आगे भी लड़ेगी।‌ उन्होंने कहा कि जो ठेकेदार सरकार के लिए कथित तौर पर दलाली का काम कर रहे हैं, उन्हें समय आने पर जवाब दिया जाएगा। उन्होंने तंज कसा कि भाजपा सरकार आने वाले समय में ऑक्सीजन पर भी जीएसटी लगाने जा रही है। विक्रमादित्य सिंह ने आरोप लगाया‌ कि अदानी अम्बानी को फायदा पहुंचाने के लिए मिलीभगत से सेब के रेट गिरा दिए हैं।

नोटबंदी और जीएसटी का असर आज तक देश में देखने को मिल रहा – विक्रमादित्य

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा ने नोटबन्दी व जीएसटी की सर्जिकल स्ट्राइक की और इसका असर आजतक देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता को धर्म व जातिवाद के नाम पर बांट रही है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह ने प्रदेशभर में मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए कदम उठाए थे। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर ने मंडी को अपनी कहा था, लेकिन मंडी के लोगों ने यह साबित कर दिया कि मंडी केवल वहां की जनता की ही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्य सचिव जा चुके हैं और अब अगला नम्बर डीजीपी का लगना तय है।

इस रैली को जिला कांग्रेस अध्यक्ष अतुल शर्मा, विधायक नंद लाल, मंडल अध्यक्ष सतीश वर्मा ने भी संबोधित किया। इस दौरान जिला परिषद सदस्य त्रिलोक भलूणी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष दीपक सूद, जिला परिषद अध्यक्ष चन्द्र प्रभा नेगी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकांता के अलावा भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *