शिमला। ”कारगिल विजय दिवस” के मौके पर भाजपा 26 जुलाई को हर विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम का आयोजन करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप के निर्देशानुसार कारगिल विजय दिवस के अवसर पर प्रत्येक विधानसभा में एक स्थान पर जीवित एवं किसी भी युद्ध के साक्षी रहे सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों, पूर्व सैनिकों एवं सैनिकों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उस दिन हर हलके में किसी भी शहीद स्मारक पर स्वच्छता अभियान का आयोजन किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश कार्यालय सचिव प्यार सिंह कंवर ने कहा कि 26 जुलाई के सभी कार्यक्रम भूतपूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के बैनर तले आयोजित होंगे। सभी कार्यक्रम सुनियोजित तरीके से पूरे किए जाएंगे। इस अवसर पर भाजपा नेता अग्निपथ योजना की जानकारी देंगे। उन्होंने कहा कि हम सैनिकों के उत्थान के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा बनाई गई कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूकता अभियान भी चलाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी मंत्री, विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, निगम बोर्ड के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे, ताकि कार्यक्रम को और प्रभावी बनाया जा सके।
