शिमला।
प्रदेश भाजपा नेता एवं अल्पसंख्यक मोर्चा के भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बिलाल अहमद शाह ने अल्पसंख्यक मुस्लिम वर्ग से अनुरोध किया कि सभी मुस्लिम प्रदेश सरकार एवं भारत सरकार द्वारा दिए गए दिशा निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जो भी सरकार द्वारा दिए गए दिशा निर्देश ना माने उन पर कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही कहा कि जो भी लोग तबलीग जमात दिल्ली मरकज से वापस हिमाचल आए हैं, वह इसकी सूचना जिला प्रशासन, प्रदेश सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग को दे।
शाह ने कहा कि वे लोग खुद भी ठीक रहें, अपने परिवार को भी ठीक रखें, तभी हमारा समाज गांव, जिला, प्रदेश, देश ठीक रह पाएगा। उन्होंने अपील कि बेहतर इंसान बनते हुए ये लोग आगे आकर कोरोना को खत्म करने में सहयोग दें। उन्होंने कानून का उल्लंघन करने वाले लोगों की कड़ी निंदा का और कहा कि जहां कोरोना वायरस को डब्ल्यूएचओ द्वारा महामारी घोषित किया जा चुका है, वहीं पर कुछ ऐसे लोग भी हैं जो इस भयानक महामारी को हलके में ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह लोग इस्तेमाल में लाए जाने वाले मास्क को सड़क पर इधर-उधर फेंक रहे हैं। यह सही नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कोरोना से संक्रमित होता है तो इसके द्वारा मांस को इस्तेमाल किया जाना और फिर उसे फैंका जाना, यह एक बड़े खतरे का कारण बन सकता है। लोगों को स्वयं इसके प्रति जागरूक होना चाहिए। यही नहीं, इधर-उधर फेंके जाने से शहर में हजारों की संख्या में घूम रहे आवारा पशु भी इसके कारण संक्रमित हो सकते हैं इस और भी जनता एवं प्रशासन को ध्यान देना होगा। जिससे कि इस भयानक संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
