शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए कांग्रेस पर बेबुनियाद आरोप लगा रही है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि देश के वर्तमान हालत के लिए केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह दोषी है। उन्होंने कहा है कि केंद्र की जनविरोधी नीतियों का ही परिणाम है जो आज देश भुगत रहा है।
राठौर ने केंद्रीय राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि ये वही नेता हैं जो आज भी देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पर कोई भी आरोप लगाने से पहले अनुराग ठाकुर अपनी पार्टी के इतिहास को भी जान ले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा के किसी भी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है। कांग्रेस ने अपने शासनकाल के 70 सालों में जो देश को दिया था, वह भाजपा ने मिट्टी में मिला दिया है।
राठौर ने कहा कि यही भाजपा जो कांग्रेस शासनकाल में महंगाई के बड़े-बड़े ढोल पीटा करती थी, आज उसने इसके सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं और भाजपा के नेता नरेंद्र मोदी के गुणगान में लगे हैं। पेट्रोल से महंगा डीज़ल हो गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चा तेल सस्ता हुआ है तो देश में तेल महंगा हो गया है। देश की विकास दर निम्न स्तर पर आ गई है, बेरोजगारी की वजह से लोग आत्महत्या कर रहे हैं। सरकार देश की वर्तमान स्थिति पर कोई बात नहीं करती।
राठौर ने अनुराग से पूछा कि वह देश को बताए कि जिस 20 हजार करोड़ के राहत पैकेज का वह जोर-शोर से ढिंढोरा पीट रहे हैं, उससे देश के लोगों को क्या लाभ हुआ। देश की अर्थव्यवस्था के क्या हाल है। देश की विकास दर कहां खड़ी है। उन्हें यह सब बातें भी देश को बतानी चाहिए।
राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि इस समय जब प्रदेश कोरोना महामारी की चपेट में है, प्रदेश में इससे अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है और सैंकड़ों इसके संक्रमण में आ चुके है, इसकी रोकथाम के सरकार क्या उपाय कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार इसमें पूरी तरह विफल साबित हुई है।स्वास्थ्य विभाग में घूसखोरी और भ्रष्टाचार के बाद मुख्यमंत्री को इस पद पर रहने का कोई नैतिक अधिकार ही नहीं है।
राठौर ने मुख्यमंत्री से जानना चाहा कि वह प्रदेश को बताए कि कोविड-19 महामारी से लड़ने के लिए अब तक केंद्र से प्रदेश को कितनी मदद मिली है और यह कहां-कहां खर्च की गई। उन्होंने मुख्यमंत्री से यह भी जानना चाहा कि प्रदेश के आम लोगों, किसानों बागवानों, कारोबारियों को कोई भी राहत कब तक दी जायेगी। बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई से लोगों को कब राहत मिलेगी। राठौर ने भाजपा के नेताओं से कहा है कि वह लोगों को गुमराह करना छोड़े और अपनी गलतियों और विफलताओं के लिए देश से माफ़ी मांगे।
