रिकांगपिओ। किन्नौर जिला की बेटियों ने चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में प्रदेश के लिए रजत और कांस्य पदक जीते हैं। 5 जुलाई से चेन्नई में आयोजित राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में किन्नौर जिला की कशिश ने 50 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक तथा 48 किलोग्राम भार वर्ग में प्रिया ने कांस्य पदक हासिल किया है।
उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने कशिश व प्रिया को राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में रजत व कांस्य पदक जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि किन्नौर जिला की लड़कियां बॉक्सिंग क्षेत्र में राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर प्रदेश व जिले का नाम रोशन कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि जिले से राष्ट्रीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए चार युवतियों का चयन हुआ था। ये सभी लड़कियां जे.एस.डब्ल्यू द्वारा सी.एस.आर. के तहत संचालित बॉक्सिंग प्रशिक्षण केन्द्र सांगला के तहत प्रशिक्षण ले रही हैं।
