Spread the love

शिमला। भाजपा ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) को लेकर कांग्रेस पर हमला किया है। भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने आरोप लगाया कि भारत के लोगों ने अपने जरूरतमंद साथी नागरिकों की मदद के लिए इसमें दान किया था, लेकिन इस पैसे को कांग्रेस से संबंधित परिवार के ट्रस्ट में हस्तांतरण किया गया।
भाजपा महामंत्री ने कहा, ‘भारत के लोगों ने जरूरतमंदों की मदद करने के लिए अपनी मेहनत की कमाई को पीएमएनआरएफ में दान किया था। इस सार्वजनिक धन को एक परिवार द्वारा संचालित एक फाउंडेशन में हस्तांतरित करना न केवल एक संगीन धोखाधड़ी है, बल्कि भारत के लोगों के लिए एक बड़ा धोखा भी है।’
जम्वाल ने आरोप लगाया कि 2017 में डोकलम गतिरोध के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी गुप्त रूप से भारत में चीन के राजदूत के साथ दिल्ली में वार्ता कर रहे थे। आज गलवां घाटी को लेकर भी कांग्रेस देश को गुमराह कर रही है। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि चीन से राजीव गांधी फाउंडेशन को भारीभरकम रकम मिली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को देश की जनता को इस बारे में स्पस्टीकरण देना चाहिए कि यह किस मेहरबानी के एवज़ में इस फाउंडेशन चीनी सरकार ने पैसा दिया।
भाजपा नेता ने कहा कि गलवां घाटी में हुई घटना पर भी कांग्रेस राजनीति कर रही है। यह वही कांग्रेस है, जब 2017 के अगस्त में चीन और भारत का विवाद चल रहा था, उस समय राहुल गांधी, चीन के राजदूत के साथ गुपचुप मुलाकात कर रहे थे। उन्होंने कहा गलवां घाटी के विषय को लेकर सभी राजनीतिक दल जहां प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़े हैं, वहीं कांग्रेस वीर जवानों को शहादत पर राजनीतिक रोटियां सेंकने की फिराक में है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *