शिमला। छह बार प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और आधुनिक हिमाचल के निर्माता स्व. वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रदेश कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को इसके लिए विशेष आयोजन किया और पार्टी ने इसे संकल्प दिवस के रूप में मनाया गया। कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन सहित प्रदेश के हर ब्लॉक में कार्यक्रम आयोजित कर वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि दी गई।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित कार्यक्रम में स्व. वीरभद्र सिंह को याद कर हर कोई भावुक हो गया। वीरभद्र सिंह के साथ बिताए पल को हर कोई याद कर रहा था। स्व. वीरभद्र सिंह की धर्मपत्नी और हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उनके बेटे विधायक विक्रमादित्य सिंह समेत कांग्रेस के बड़े नेताओं ने वीरभद्र सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रतिभा सिंह व विक्रमादित्य सिंह भी इस दौरान काफी भावुक हो गए। विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह की पहली पुण्यतिथि पर सभी लोग उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी वीरभद्र सिंह की सोच को आगे ले जाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि एक ओर जहां डॉ. यशवंत सिंह परमार को हिमाचल निर्माता के नाम से जाना जाता है, तो वहीं, वीरभद्र सिंह आधुनिक हिमाचल के निर्माता के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने समूचे प्रदेश का सर्वांगीण विकास किया। वीरभद्र सिंह को आज प्रदेश का हर व्यक्ति याद करता है, क्योंकि उन्होंने बिना भेदभाव प्रदेश भर के लोगों के हित के लिए काम किया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में ऐसी स्थिति है जहां इलाके विशेष का विकास करने का काम किया जा रहा है, लेकिन वीरभद्र सिंह ने समूचे हिमाचल प्रदेश का एक दृष्टि से विकास किया। उन्होंने वीरभद्र सिंह की इस सोच को आगे ले जाने की बात कही।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज पूरा प्रदेश वीरभद्र सिंह को याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि आज स्व. वीरभद्र की पुण्यतिथि को संकल्प दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसजन संकल्प ले रहे हैं कि वीरभद्र सिंह के दिखाए हुए रास्ते पर आगे चला जाए और बिना भेदभाव के प्रदेश का समान विकास किया जाए।
हर गांव से लोहा व मिट्टी एकत्र कर बनाएंगे प्रतिमा
हिमाचल प्रदेश के छह बार के मुख्यमंत्री रहे स्व. वीरभद्र सिंह की ऐतिहासिक रिज पर भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। शिमला ग्रामीण के विधायक एवं कांग्रेस महासचिव विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रतिमा बनाने के लिए प्रदेश के हर क्षेत्र व ब्लाक स्तर पर जाकर मिट्टी व लोहा एकत्र किया जाएगा। इसके लिए जल्द मुहिम शुरू की जाएगी। इस मुहिम में प्रदेश भर के लोगों को शामिल कर पूर्ण रूप से गैर राजनीतिक रखा जाएगा। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनते ही रिज पर आधुनिक हिमाचल निर्माता के रूप में पहचान बनाने वाले स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
वीरभद्र सिंह के बताए मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि को पार्टी ने संकल्प दिवस के रूप में मनाया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वीरभद्र सिंह के दिखाए हुए रास्ते पर आगे चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, विधायक मोहन लाल ब्राक्टा, प्रदेश महासचिव यशवंत छाजटा, जिला अध्यक्ष अतुल शर्मा, सचिव हरिकृष्ण हिमराल, राजेश वर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
