Spread the love

शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला ने केंद्र की भाजपा सरकार पर आरोप लगाया है कि वह अग्निपथ के जन विरोध को दबाने के लिए सेना को अपनी ढाल बनाकर सेना की गरिमा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सेना में अग्निपथ योजना देश व युवा हित में नहीं है।
शुक्ला ने सोमवार को यहां मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि भाजपा की हट से देश आज बहुत ही बुरे दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि पहले कृषि कानून को लेकर किसानों को आंदोलन करना पड़ा, अब अग्निपथ को लेकर देश के युवाओ में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आज देश की सेना की साख को भी दांव पर लगा दिया है। उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार सेना में चार सालों के लिए भर्ती करना युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ है, जिसे कभी सहन नहीं किया जा सकता।
शुक्ला ने कहा कि युवाओं का इस योजना का विरोध वाजिब है और सेना में अल्पावधि नहीं, बल्कि निर्धारित पूरे समय के लिए की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा देश की आवाज को नहीं दबा सकती।उन्होंने कहा कि देशहित में इस योजना पर तत्काल रोक लगाते हुए सेना में खाली पड़े पदों को तुरंत भरना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को इसे प्रतिष्ठा का सवाल न बनाते हुए युवा हित में स्थाई भर्ती की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *