Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि मोदी सरकार की तानाशाही नीतियों व निर्णयों से कांग्रेस पार्टी डरने वाली नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा की तानाशाही का कांग्रेस डटकर मुकाबला करेगी। वे वीरवार को यहां राजभवन के बाहर कांग्रेस के सत्याग्रह के दौरान उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रही थी। 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार सोची समझी रणनीति के तहत कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी, राहुल गांधी पर राजनैतिक प्रतिशोध की भावना से उन पर झूठे मामले बना  रही है। इसके लिए भाजपा सरकार जांच एजेंसियों पर दबाव बना कर कांग्रेस नेताओं को प्रताड़ित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से ईडी की घंटों लंबी पूछताछ उन्हें परेशान करने के मकसद से की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने प्रतिद्वंदियों को परेशान करने की पूरी कोशिश कर रही है।

प्रतिभा सिंह ने दिल्ली में कांग्रेस नेताओं पर पुलिस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय में पुलिस का जबरन घुसना और उनके नेताओं से हाथापाई करना बहुत ही निंदनीय है। उन्होंने कहा कि आज देश में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है और एक तानाशाही ढंग से लोगों की आवाज को दबाने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने नेताओं के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ केंद्र की मोदी सरकार के अलोकतांत्रिक निर्णयों का तब तक विरोध जारी रखेगी, जब तक वह केंद्रीय जांच एजेंसियों, सीबीआई, इनकम टैक्स और ईडी का दुरुपयोग बंद नहीं कर देती और उनके नेताओं के खिलाफ यह मामले वापस नहीं ले लेती। 

राजभवन के बाहर सत्याग्रह पर बैठने वालों में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप राठौर, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन, विधायक रामलाल ठाकुर, नंद लाल, मोहन लाल ब्राक्टा, विक्रमादित्य सिंह, यशवंत छाजटा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, जिला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी के अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी, कांग्रेस विधि विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष प्रणय प्रताप सिंह के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप वर्मा समेत कई अधिवक्ता, विभागों के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष व अन्य पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे। उन्होंने इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जांच एजेंसियों के दुरुपयोग के प्रति चेताया। 

देश में अघोषित आपातकाल, देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए सबको मैदान में उतरना होगा – अग्गिहोत्री 

नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने इस दौरान कहा कि मोदी सरकार ने कांग्रेस के राष्ट्रीय कार्यालय को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया है। उन्होंने कहा कि आज अपने कार्यालय में जाने से कांग्रेस नेताओं को रोका जा रहा है। अग्निहोत्री ने इसे अघोषित आपातकाल बताते हुए कहा कि आज देश में लोकतंत्र को बचाने के लिए सबको मैदान में उतरना होगा। उन्होंने कहा कि उनके नेता राहुल गांधी से उस मामले में ईडी पूरा दिन पूछताछ कर रही है जो मामला बंद किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस मामले को पुनः खोल कर उनके नेताओं को गांधी परिवार को बदनाम करने की कोशिश की है, जिनके परिवार ने देश को दो प्रधानमंत्री दिए और जिन्होंने देश की आजादी और अखंडता के लिए अपने प्राण तक न्योछावर किए। उन्होंने कहा कि चुनावों के समय कांग्रेस की लीडरशिप को एक चुनौती दी है और कांग्रेस इस चुनौती का डटकर मुकाबला करेगी। उन्होंने धर्मशाला आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक कड़ा संदेश देते हुए कहा कि कांग्रेस इन हतकंडों से डरने वाली नहीं है। 

विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा देश में कांग्रेस से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की आवाज दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश में आज कांग्रेस अपने नेताओं के साथ खड़ी है और उनके साथ होने वाले किसी भी अन्याय के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि देश में इस समय तानाशाही का राज चल रहा है। राठौर ने कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में पुलिस की घुसपैठ और उनके नेताओं के साथ मारपीट की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस इन सबसे डरने वाली नहीं और इसका हर स्तर पर मुकाबला करेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *