शिमला। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय निरुपम ने केंद्र की मोदी सरकार पर आरोप लगाया है कि वह कांग्रेस नेताओं सोनिया गांधी व राहुल गांधी पर झूठे मामले बनाकर प्रताड़ित करने का प्रयास कल रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ईडी समेत सभी जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उनके नेताओं को निशाना बना रही है। यह सब भाजपा की कांग्रेस के नेताओं के प्रति उनकी बौखलाहट है और कांग्रेस इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में रविवार को पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए संजय निरुपम ने सोनिया गांधी, राहुल गांधी को ईडी के सम्मन को पूरी तरह राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि असल में राहुल गांधी भाजपा को बहुत बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की भारत जोड़ो पदयात्रा अभियान, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भाजपा सरकार के खिलाफ किए जाने वाले आंदोलन से भाजपा बौखलाहट में है। उन्होंने कहा कि देश की गम्भीर समस्याओं से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा लोगों को भ्रमित करती रही है। उन्होंने कहा कि उदयपुर में हुए कांग्रेस के चिंतन शिविर में जब देश जोड़ो पदयात्रा का फैसला हुआ और केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन करने को लेकर और फैसले लिए तो उसके दूसरे दिन ही कांग्रेस के नेताओं को ईडी के सम्मन आना पूरी तरह उनके नेताओं के खिलाफ एक राजनीतिक षड्यंत्र है।
संजय निरुपम ने कहा कि केंद्र सरकार देश मे ईडी, इनकम टैक्स, सीबीआई का दुरुपयोग कर रही है। जब भी देश में चुनाव का समय आता है तो नेताओं या उनके करीबियों के घर ईडी या इन्कम टैक्स की छापामारी शुरू हो जाती है। उन्होंने कहा कि पिछले 8 सालों में ईडी ने 11 हजार से अधिक मामले रजिस्टर्ड किए और केवल 7-8 मामलों में ही दोषी पाए गए। उन्होंने कहा कि जिस मामले में ईडी राहुल गांधी से पूछताछ करने वाली है, वह कोई केस नहीं है, लेकिन केंद्र सरकार ईडी का दुरुपयोग कर झूठे केस बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता किसी भी तरह की जांच से धबराने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि आज देश की अर्थव्यवस्था पूरी तरह तहस-नहस हो गई है। उन्होंने कहा कि नोटबन्दी और जीएसटी से देश की अर्थव्यवस्था बिगड़ गई है। उन्होंने कहा कि आज भारत कीआर्थिक स्थिति श्रीलंका से भिन्न नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछले दो सालों में 22 करोड़ से अधिक ऐसे बेरोजगार युवा हैं, जिन्होंने नौकरी के लिए अपना नाम तक सूचीबद्ध नहीं करवाया। उन्होंने कहा कि इन युवाओं को अब सरकार पर कोई भरोसा नहीं रहा है।
संजय निरुपम ने कहा कि आज देश में भाजपा ध्रुवीकरण की राजनीति कर रही है। देश में धर्म के नाम पर हिंसा हो रही है। देश का लोकतंत्र खतरे में पड़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए लोगों में उलजुलूल बातें कर आपसी सौहार्द बिगाड़ने में लगी है और कांग्रेस इसे तक बर्दाश्त नहीं करेगी।
ईडी कार्यालय के बाहर होगा कांग्रेस का प्रदर्शन
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर देशभर में सोमवार को 13 जून को कांग्रेस ईडी कार्यालयों के समक्ष विरोध प्रदर्शन करेगी। इस कड़ी में शिमला में प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नेतृत्व में प्रदेश कांग्रेस कमेटी छोटा शिमला स्थित ईडी कार्यलय के समक्ष विरोध प्रदर्शन करेगी।
