शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल के प्रस्तावित दौरे के औचित्य पर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने भाजपा से पूछा कि एनडीए सरकार के आठ वर्ष का कार्यकाल पूरा होने का जश्न शिमला में मनाने का क्या औचित्य है। उन्होंने कहा कि वास्तव में ये जश्न शिमला में इसलिए हो रहा है क्योंकि प्रदेश में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के पक्ष में माहौल बनाया जा सके।
राठौर ने सोमवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि 8 वर्ष पहले भाजपा ने अच्छे दिन लाने का नारा दिया था, लेकिन आज दिन तक अच्छे दिन दूर-दूर तक नजर नहीं आ रहे। इसके विपरीत देश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। खाने की हर चीज महंगी हो चुकी है। उन्होंने केंद्र सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि डीजल तथा पेट्रोल तो अब सेल की वस्तु बन गई है। यानी जब- जब चुनाव आते हैं दाम कम कर सेल लगाई जाती है और चुनाव होते ही फिर से इनके दाम बढ़ना शुरू हो जाते हैं।
राठौर ने केंद्र सरकार पर लोगों को भ्रमित और बेवकूफ बनाने का प्रयास करने का आरोप लगाया और कहा कि आज भारत युवा बेरोजगारों का देश बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वायदे के मुताबिक अब तक आठ सालों में 16 करोड़ लोगों को रोजगार मिल जाना चाहिए था, लेकिन हुआ इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि अब सरकार वित्तीय संस्थानों को भी निजी हाथों में सौंप रही है। उन्होंने देश में वित्ती हालात खराब होने का दावा किया और कहा कि श्रीलंका के हालात से भारत को सबक लेना चाहिए।
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने भाजपा पर देश में नफरत का माहौल तैयार करने का आरोप लगाया और कहा कि देश में साम्प्रदायिक ध्रुवीकरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि जानबूझकर नफरत की बातें फैलाई जा रही है, ताकि मूलभूत समस्याओं से देश का ध्यान हटाया जा सके। राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से हिमाचल आने पर राज्य के लिए विशेष आर्थिक पैकेज की घोषणा करने और सेब आधारित आर्थिकी को बचाने के लिए किए गए वायदों को पूरा करने की मांग की, ताकि 70 हजार करोड़ रुपए के कर्ज में दब चुके प्रदेश को आर्थिक बदाली से बाहर लाया जा सके।उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने हिमाचल की जनता से पूर्व में जो-जो वादे किए थे, उन्हें भी पूरा करे और राज्य को विशेष पैकेज दिया जाए।
पंजाब सरकार पर दर्ज हो आपराधिक मामला – राठौर
कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने पंजाबी गायक व कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण घटना करार दिया। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने बिना सोचे समझे और जनता की वाहवाही लूटने के लिए सुरक्षा हटाई। उन्होंने सुरक्षा हटाने वालों के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज करने और कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
