Spread the love

धर्मशाला। कांगड़ा घाटी ग्रीष्मोत्सव धर्मशाला में 2 जून से लेकर 9 जून तक पुलिस मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसमें चार सांस्कृतिक संध्याएं 2 जून से पांच जून तक आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल ने धर्मशाला में दी। उन्होंने कहा कि करीब दस वर्षों के अंतराल के पश्चात इस उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं इस के लिए जिला स्तर पर विभिन्न कमेटियां भी गठित की गई हैं।

डॉ. जिंदल ने कहा कि संगीत के हुनर को तराशने के लिए कांगड़ा आइडल भी चुना जाएगा। इसके लिए 29 तथा 30 मई को सामुदायिक भवन कोतवाली में ऑडिशन भी रखा गया है। इसमें कांगड़ा जिला से कोई भी युवा, नागरिक भाग ले सकता है। इसके लिए ऑन स्पाट पंजीकरण किया जाएगा। ऑडिशन में बेहतरीन 15 कलाकारों को 4 जून को पुलिस मैदान में ग्रांड फिनाले में भाग लेने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इसमें पहले स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 30 हजार रुपए, दूसरे स्थान पर रहने वाले को 20 हजार तथा तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 10 हजार रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा।
डीसी ने कहा कि मेला ग्राउंड में बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले भी लगाए जाएंगे। इसके साथ ही फूड कार्नर भी स्थापित किए जाएंगे, ताकि लोग स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठा सकें। मेला ग्राउंड में 224 के करीब स्टाल लगाए जाएंगे, जिसमें कार्नर के स्टाल की कीमत 12 हजार तथा बीच के स्टाल की कीमत 10 हजार रुपए तय की गई है। उपायुक्त ने कहा कि कांगड़ा वैली ग्रीष्मोत्सव से पर्यटन तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा, इसके लिए आम जनमानस का सकारात्मक सहयोग भी जरूरी है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *