Spread the love


शिमला। 
केंद्र की मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरा होने के मौके पर 31 मई को शिमला में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम होने जा रहा है। उस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक जनसभा भी होगी। उसकी तैयारियों को लेकर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने पार्टी नेताओं के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में रैली को लेकर की जाने वाली तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की और जरूरी निर्देश भी जारी किए गए। इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, 27 मंडल अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री राकेश जमवाल और त्रिलोक जमवाल वर्चुअली जुड़े। 

सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को शिमला के रिज मैदान पर एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यह केंद्र में मोदी सरकार के 8 साल पूरे होने पर राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने प्रधानमंत्री का शिमला में स्वागत करते हुए अभिभूत है। इस रैली के लिए 50 हजार लोगों को लाने का लक्ष्य रखा है। इस कार्यक्रम में रिज, लेडीज पार्क और माल रोड पर जनता और कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि समारोह के लिए 3 से 4 एलईडी लगाई जाएंगी, जहां जनता प्रधानमंत्री के भाषण को सुन और देख सकेगी। उन्होंने कहा कि इस रैली को सफल बनाने में भाजपा के 27 मंडल शामिल होंगे। इस दौरान मंडलवार लक्ष्य भी निर्धारित किया गया। उन्होंने कहा कि यह रैली ऐतिहासिक होगी और दुनियाभर में संदेश देगी।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह चुनावी साल है और हिमाचल एवं गुजरात में कई बड़े कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतने कम समय में तीन बार हिमाचल आएंगे और इस दौरान शिमला, चंबा और धर्मशाला में उनके कार्यक्रम होंगे। उन्होंने कहा कि वे भाग्यशाली हैं कि उन्हें प्रधानमंत्री का तीन बार स्वागत करने का यह शानदार अवसर मिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला में रैली विशाल होगी और प्रधानमंत्री इस शुभ अवसर पर लगभग 17 लाख लोगों को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसान सम्मान निधि, एक राष्ट्र एक राशन कार्ड, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन समेत केंद्र सरकार की 11 प्रमुख योजनाओं पर फोकस करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी जिलेवार कार्यक्रम आयोजित करेगी, जहां 500 लोग एलईडी पर इस ऐतिहासिक कार्यक्रम को सुनेंगे और देखेंगे। उन्होंने कहा कि मंत्रियों को जिला परिषद व वार्ड पंच सहित स्थानीय निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ 11 जिलों में तैनात किया जाएगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को शिमला से देश के सभी मुख्यमंत्रियों, केंद्रीय मंत्रियों और सांसदों से वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। प्रधानमंत्री, केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से भी बातचीत करेंगे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *