शिमला। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष बने सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला आते ही भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मौजूदा भाजपा सरकार दिल्ली से रिमोट से चल रही है और मुख्यमंत्री खुद कोई फैसला नहीं ले पा रहे हैं। वे बुधवार को यहां मीडिया से बात कर रहे थे। कांग्रेस हाईकमान द्वारा सुक्खू को चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद वे पहली बार यहां पहुंचे थे। प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणु से लेकर शिमला तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से सुक्खू का स्वागत किया गया। इस दौरान सोलन में भी रोड शो किया गया।
शिमला पहुंचने पर मीडिया से बात करते हुए सुक्खू ने कहा कि भाजपा सरकार दिल्ली से ही चल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर खुद काम करना चाहते हैं, लेकिन उन्हें काम नहीं करने दिया जाता है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर को आज भी अपने विवेक से काम नहीं करने दिया जा रहा है।सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस में कोई गुटबाजी नहीं है और वह खत्म हो चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हाईकमान ने सांसद प्रतिभा सिंह को सबकी सहमति से प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। उन्होंने कहा कि वीरवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह अपना पदभार ग्रहण करने जा रही है और हम सब एकजुट होकर जनता की अदालत में जाकर सरकार की नीतियों का विरोध जताएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और भाजपा को सत्ता से उखाड़ फैकेंगी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि प्रदेश में 40 साल प्रचार कमेटी की कमान उन्हें सौंपी गई है। इससे पहले यह वीरभद्र सिंह के पास होती थी। इसके लिए उन्होंने कांग्रेस हाईकमान का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी सरकार की आम जन विरोधी नीतियों को जनता के बीच लेकर जाएगी। शिमला में सुक्खू के स्वागत समारोह में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष हर्ष महाजन, शिमला ग्रामीण से विधायक व महासचिव विक्रमादित्य सिंह, विधायक व पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनिरुद्ध सिंह के अलावा कई विधायक और पार्टी के पदाधिकारियों के साथ-साथ कांग्रेस नेता यहां मौजूद रहे।
