बिलासपुर। विधानसभा उपाध्यक्ष डॉ. हंस राज ने कहा कि लोगों की समस्याओं को घर द्वार हल करने के लिए प्रदेश सरकार ने जन मंच की शुरूआत की है। इसके माध्यम से न केवल जन शिकायतों का विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर यथासंभव हल किया जाता है, बल्कि विभिन्न विभागों की जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी लोगों को उपलब्ध करवाई जाती है। उन्होंने कहा कि जन मंच जयराम सरकार का एक महत्वकांक्षी कार्यक्रम है तथा आने वाले समय में इसे और मजबूत किया जाएगा। डॉ. हंस राज रविवार को बिलासपुर जिला के झंडुता विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत घंडीर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के परिसर में आयोजित प्रदेश के 26वें तथा झंडुता विधानसभा क्षेत्र के 6वें जन मंच की अध्यक्षता कर रहे थे। इस मौके पर झंडुता के विधायक जेआर कटवाल भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि जन मंच लोगों, अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने का एक बेहतरीन मंच साबित हुआ है तथा वर्तमान सरकार के लगभग साढ़े चार वर्ष के कार्यकाल के दौरान लोगों की अनेकों समस्याओं का हल प्राथमिकता के आधार पर किया गया है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार आने वाले समय में जन मंच को और प्रभावी बनाने तथा पिछले जन मंच में उठे मामलों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा अगले जन मंच में प्रस्तुत करने की दिशा में भी कार्य करने की पहल करने जा रही है, ताकि पिछले जन मंच की समीक्षा तथा लोगों को समयबद्ध समस्याओं का निपटारा भी सुनिश्चित हो सके।
डॉ. हंस राज ने सभी विभागों से अपनी उपलब्धियों को लेकर सफलता की कहानियां बनाने को भी कहा ताकि जहां लोगों को विभाग के माध्यम से सरकार की उपलब्धियां आम जन तक पहुंच सके तो वहीं इन योजनाओं से दूसरे लोगों को न केवल जोड़ा जा सके, बल्कि उनके अनुभवों को भी साझा किया जा सके। इसके अलावा जन मंच के माध्यम से विभिन्न विभागों की हल हुई समस्याओं बारे भी सफलता की कहानियां बनाने को भी कहा ताकि लोगों को जन मंच की सार्थकता का पता चल सके। इसके अलावा जो विभाग जिला में योजनाओं के कार्यान्वयन में हटकर कार्य कर रहे हैं उस पर विशेष फोकस करते हुए इस पर व्यापक प्रचार व प्रसार पर भी बल दिया।
हंस राज ने पर्यावरण में हो रहे परिवर्तन पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि जल व पर्यावरण संरक्षण के लिये लोग न केवल आगे आएं बल्कि इसे अपने जीवन का एक आंदोलन बनाने का भी आहवान किया ताकि आने वाली पीढिय़ों के लिये धरती को बचाये रखा जा सके। उन्होने घटते जल स्तर तथा पर्यावरण में तेजी से हो रहे बदलवों पर भी चिंता प्रकट की।
इससे पहले उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों का अवलोकन किया तथा जिला में गत साढ़े चार वर्षों की प्रगति की जानकारी भी हासिल की। इस बीच उन्होने एक बूटा बेटी के नाम आंवला का पौधा भी रोपित किया।
झंडुता विधानसभा क्षेत्र में 900 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं पर चल रहा कार्य – जीत राम कटवाल
इस मौके पर विधानसभा उपाध्यक्ष का स्वागत करते हुए विधायक झंडुता जीत राम कटवाल ने कहा कि प्रदेश की जय राम ठाकुर सरकर के गत साढे चार वर्षों के दौरान झंडुता विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है तथा वर्तमान में लगभग 900 करोड़ रुपए की लागत वाले विभिन्न विकास प्रगति पर हैं। उन्होंने कहा कि कोटधार व आसपास क्षेत्र के लोगों की पेयजल समस्या के व्यापक समाधान के लिए लगभग 60 करोड़ रुपए की लागत से पेयजल योजना का कार्य अंतिम चरण में है। घुमारवीं-बरठीं-शाहतलाई सड़क के सुधारीकरण पर लगभग 190 करोड़ रूपये की धनराशि व्यय होगी जिसका निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जायेगा जिससे इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा सुनिश्चित होगी।
उपायुक्त बिलासपुर पंकज रॉय, पुलिस अधीक्षक एसआर राणा, एसडीएम झंडुता नरेश वर्मा, सहायक आयुक्त योगराज धीमान, बीडीसी अध्यक्ष अभिषेक चंदेल, जिला परिषद सदस्य प्रोमिला बसु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में अन्य गण्यमान्य लोग जनमंच में मौजूद रहे।
घंडीर जन मंच में हल हुई 33 जन शिकायतें
जन मंच में कुल प्राप्त हुई 33 जन शिकायतों का निपटारा किया गया। इसके अलावा 9 मांगें भी प्राप्त हुई, जिन्हे निपटारे के लिए संबंधित विभागों को सौंप दिया गया। इसके अलावा 321 लोगों के स्वास्थ्य चेकअप भी किया गया, जिनमें एलोपैथी के 110, आयुष के 130 तथा होम्योपैथी के 81 चेकअप शामिल हैं। जनमंच के दौरान 4 दिव्यांगता प्रमाणपत्र, 5 बीपीएल प्रमाणपत्र, 5 कोविड टीकाकरण तथा राजस्व विभाग से संबंधित 15 इंतकाल, 12 शपथ पत्र, 7 वसीयतनामा, पारिवारिक व्यवस्था एक, समर्पण पत्र चार तथा 28 विभिन्न राजस्व प्रमाणपत्र भी जारी किये गए।
