शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने आज शिमला के लक्कड़ बाज़ार में भाजपा कार्यकर्ता के घर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मन की बात कार्यक्रम को सुना। भारद्वाज ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विचार प्रेरणा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री संग्रहालय से लेकर जल संरक्षण तक का जिक्र किया। उन्होंने वैदिक मैथ्स सीखने पर भी ज़ोर दिया।उन्होंने दिव्यांगों की एक आर्ट गैलरी का जिक्र किया और कहा कि उनकी बनाई पेंटिंग्स में कई तरह के विषयों को छुआ गया है। उन्होंने कहा कि यदि आप ऐसे किसी दिव्यांग को जानते हैं उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए काम करें।
इसके बाद शहरी विकास मंत्री ने जाखू और छोटा शिमला वार्ड में बूथ पालक, अध्यक्ष और संयोजक के आवास पर नाम पट्टिका लगाई। इसके अतिरिक्त स्थानीय लोगों को भाजपा सरकार की उपलब्धियां बताते हुए पत्रक वितरण भी किया। भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार ने हर वर्ग के कल्याण के लिए काम किया है। हर वर्ग को ध्यान में रख कर योजनाएं कार्यान्वित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी और प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में आम जनता के हित में सरकारें काम कर रही है। भाजपा सरकार ने मोदी जी के नेतृत्व में आयुष्मान भारत जैसी योजना शुरू की है और प्रदेश में उसी तर्ज़ पर अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिले इसके लिए हिम केयर नामक योजना शुरू की है।
