Spread the love

शिमला। हिमाचल प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों का आना जारी है। राज्य में 16 नए मामले सामने आए हैं। इसमें से 10 कांगड़ा जिले में आए हैं। शिमला में एक ही परिवार से चार पाजिटिव आए हैं। इस प्रकार राज्य में कोरोना के कुल 502 मामले हो गए हैं। इनमें से 309 मरीज ठीक हो चुके हैं। इस प्रकार कोरोना के एक्टिव केस 176 हैं। इस रोग से राज्य में 6 लोगों की मौत हुई है। 
शनिवार को कांगड़ा में कोरोना संक्रमित मरीजों के 10 नए मामले सामने आए। कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर क्षेत्र की 30 वर्षीय महिला और उसकी 7 माह की बेटी के साथ-साथ उस महिला की 24 वर्षीय ननद कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। ये दिल्ली से एक जून को टैक्सी से घर पहुंचे थे और होम क्वारेंटीन थे। क्वारंटीन सेंटर परौर में ज्वाली तहसील का दिल्ली से लौटा 29 वर्षीय व्यक्ति, तहसील खुंडियां का दिल्ली से लौटा 49 वर्षीय व्यक्ति और विजयवाड़ा से लौटा तहसील रक्कड़ का 27 वर्षीय युवक के सैंपल में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, बैजनाथ क्षेत्र का दिल्ली से लौटा 11 वर्षीय किशोर भी कोरोना संक्रमित पाया गया है जो कि होम क्वारेंटीन था। डीसी कांगड़ा राकेश कुमार प्रजापति ने कहा कि सभी संक्रमितों को डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर में भेजा जा रहा है। दिल्ली से लौटे तीन और लोग भी कोरोना पाजिटिव आए हैं। इऩमें ज्वाली के जरपाल और ठारु क्षेत्रों से दो, जबकि बनखंडी क्षेत्र से एक मामला सामने आया है। डीसी कांगड़ा राकेश प्रजापति ने बताया कि इनमें एक व्यक्ति पहले से ही धर्मशाला में उपचाराधीन है, जबकि दो अन्य को कोविड केयर सेंटर डाढ़ शिफ्ट किया जा रहा है। 
उधर, राजधानी शिमला में उपनगर संजौली में हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में रहने वाले चार लोग पाजिटिव आए हैं। ये उस व्यक्ति के संपर्क में आए थे जो दो दिन पहले पाजिटिव पाया गया था। इनकी दिल्ली की ट्रैवल हिस्ट्री है। इन्हें कोविड केयर सेंटर शिफ्ट किया गया है। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *