कुल्लू। जवाहर नवोदय विद्यालय बंदरोल में छठी कक्षा में प्रवेश के लिये चयन परीक्षा आगामी 30 अप्रैल को आयोजित की जाएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए स्कूल के प्रधानाचार्य राजकुमार ने बताया कि यह परीक्षा 10 केन्द्रों पर आयोजित होगी जिसमें 3568 परीक्षार्थी नामांकित हैं। परीक्षा के लिये प्रवेश पत्र जारी किये जा चुके हैं जिसे अभ्यर्थी अपने पंजीकरण नंबर की सहायता से ऑनलाईन अथवा अपने खण्ड के खण्ड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी या संबंधित पाठशाला जहां से पांचवी की कक्षा की पढ़ाई की हो, से प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने समस्त विद्यार्थियों को निर्देश दिये हैं कि अपने प्रवेश पत्र को अध्ययनरत पांचवी कक्षा के मुख्याध्यापक से प्रति हस्ताक्षरित करवाकर परीक्षा केन्द्र पर आएं। प्रवेश पत्र परीक्षा केन्द्र पर जमा कर लिया जाएगा। इसकी छायाप्रति भविष्य के लिये अपने पास रख सकते हैं। प्रवेश पत्र में अंकित नियमों एवं निर्देशों को ध्यान से पढ़कर उनका पालन करना होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी जेएनवी की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट नवोदया डॉट गोव डॉट इन या जवाकर नवोदय विद्यालय बंदरोल से किसी भी कार्यालय दिवस में दूरभाष संख्या 89681-69844 तथा 98824-12233 से प्राप्त कर सकते हैं।
