शिमला। अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल जून के पहले सप्ताह में होगा। इस फेस्टिवल के आयोजन के लिए शिमला जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला उपायुक्त आदित्य नेगी ने सोमवार को इस फेस्टिवल के आयोजन के लिए अफसरों के साथ बैठक की। आदित्य नेगी ने अंतरराष्ट्रीय शिमला समर फेस्टिवल को भव्य एवं प्रभावी रूप प्रदान करने के लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होंने कहा कि जून माह के पहले सप्ताह में आयोजित होने वाले इस समारोह को एक स्थान पर केन्द्रित न करते हुए इसे शिमला नगर के विभिन्न स्थानों पर विकेन्द्रित किया जाएगा, ताकि शिमला नगर के नागरिक एवं पर्यटक सम्मिलित रूप से समारोह का आनंद उठा सके।
डीसी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रदेश व देश की विविध संस्कृति तथा हिमाचल के विभिन्न जिलों के लोक व्यंजन भी समारोह का अभिन्न अंग होंगे तथा अन्य प्रतियोगिताएं व नुक्कड़-नाटक प्रतियोगिताएं समारोह में सम्मिलित की जाएंगी। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेल्दी बेबी प्रतियोगिता तथा स्कूली बच्चों के लिए चित्रकला व प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आदि का आयोजन भी किया जाएगा।
नेगी ने कहा कि हर वर्ष की भांति सेजीज संस्था द्वारा फ्लावर शो तथा पौध प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त शिमला शिवम प्रताप सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (प्रोटोकाॅल) सचिन कंवल, उपमंडलाधिकारी शिमला शहरी मनजीत शर्मा, उपमंडलाधिकारी शिमला ग्रामीण बाबू राम शर्मा, संयुक्त आयुक्त नगर निगम अजीत भारद्वाज तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।
