Spread the love

शिमला। देश में पेट्रोल व डीजल के हर रोज बढ़ते दामों पर भाजपा की खामोशी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने उसे आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि आज भाजपा नेताओं को महंगाई ही नज़र नहीं आ रही है और न ही बेरोजगारी दिख रही है। उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि आज सत्ता में बैठने के बाद भाजपा को बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से कुछ लेना-देना नहीं है।

राठौर ने मंगलवार को यहां कहा कि प्रदेश में भाजपा लोगों की समस्याओं, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी पर कोई बात नहीं करती। उन्होंने कहा कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए भाजपा केवल कांग्रेस को दोषी ठहराने में लगी है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश में सत्ता का दुरुपयोग कर रही है। अपनी राजनीतिक बैठकों में सरकारी मशीनरी व धन का खुलकर दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव नजदीक आते देख मुख्यमंत्री कर्मचारियों को लुभाने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं पर घोषणाएं करते जा रहे हैं, जबकि प्रदेश सरकार का खजाना पूरी तरह खाली पड़ा है।

कुलदीप राठौर ने कहा कि प्रदेश में जयराम सरकार हर क्षेत्र में पूरी तरह विफ़ल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार उप चुनावों में कांग्रेस को मिली शानदार जीत के बाद भजापा को इस साल होने वाले विधानसभा चुनावों में भी करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इन दिनों मुख्यमंत्री सहित भाजपा के नेता हवा में ज्यादा ही उड़ रहे हैं। उन्हें धरती नज़र नहीं आ रही, जबकि प्रदेश के लोगों ने चार उप चुनावों में उन्हें पहले ही धरती पर लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सड़कों की खस्ता हालत की चिंता नहीं है और न ही उन्हें सड़कों पर गड्डे नज़र आ रहे हैं। यही नहीं, ग्रामीण व दूरदराज के स्कूलों में अध्यापक नहीं, अस्पतालों में डॉक्टर की कमी, खस्ता हालत व्यवस्था पर भी कभी उनकी नजर नहीं गई।

राठौर ने शिमला नगर निगम चुनावों में कांग्रेस की जीत का दावा करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की विफलताएं व बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी ऐसे जनहित के मुद्दे हैं, जिनको आगे रख कर कांग्रेस लोगों के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि शिमला नगर निगम के चुनावों के बाद विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस अपनी जीत का परचम लहराते हुए लोगों को भाजपा के कुशासन, बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी से मुक्त करवाने के लिए काम करेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *