Spread the love

शिमला। केन्द्रीय विधि, सूचना एवं प्रसारण और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश केवल देवभूमि ही नहीं, अपितु वीर भूमि भी है क्योंकि कारगिल युद्ध में प्रदान किए गए कुल चार परमवीर चक्र में से दो हिमाचल के बहादुर सैनिकों को प्रदान किए गए थे। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र भारत का पहला परमवीर चक्र भी हिमाचल के कैप्टन सोमनाथ शर्मा को ही प्रदान किया गया था।
दिल्ली से शिमला संसदीय हलके की वर्चुअल रैली को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने एक स्वतंत्र एजेंसी द्वारा सर्वश्रेष्ठ मुख्यमंत्री आंके जाने पर जय राम ठाकुर को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह साबित होता है कि मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश को देश का सबसे अधिक विकसित राज्य बनाने की दिशा में समर्पण के साथ कड़ी मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के कारण जो 15 देश सर्वाधिक प्रभावित हुए हैं उनकी जनसंख्या 12 करोड़ है और 4,04,396 मौतें हुई हैं। दूसरी ओर भारत की जनसंख्या 137 करोड़ है और कोरोना के कारण अभी तक कुल 7745 लोगों की मृत्यु हुई है।

रविशंकर प्रसाद ने कहा कि भारत में कोरोना के कारण मृत्यु दर कम होने की वजह प्रधानमंत्री द्वारा समय से लाॅकडाउन का निर्णय लेना है। केन्द्र सरकार ने गरीबों के लिए 1.70 लाख करोड़ रुपये का पैकेज घोषित किया है और इसके साथ-साथ विश्व का सबसे बड़ा 20 लाख करोड़ रुपये का पैकेज भी दिया गया है ताकि देश की आर्थिक व्यवस्था पुनर्जीवित की जा सके। उन्होंने कहा कि पिछले 6 वर्षों में विभिन्न योजनाओं के अन्तर्गत पात्र निर्धन लोगों के खातों में 11 लाख करोड़ रुपये की राशि डाली गई है। केन्द्रीय राज्य वित्त एवं काॅरपोरेट मामले मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी दिल्ली से इस रैली में भाग लिया। सांसद सुरेश कश्यप ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा।

मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार, प्रदेश भाजपा महासचिव एवं जन संवाद रैली के संयोजक त्रिलोक जमवाल ने केन्द्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि इस पहली वर्चुअल रैली में संचार के विभिन्न माध्यमों से लगभग दो लाख यूजर्स को जोड़ा गया। उन्होंने कोविड महामारी से निपटने के लिए प्रदेश सरकार को भरपूर सहयोग देने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *