Spread the love

शिमला। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज शिमला संसदीय क्षेत्र की वर्चअुल रैली को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सुरक्षित है और भारत ने अपने पुराने वैभव को पुनः हासिल किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्व के सबसे ताकतवर देशों के नेताओं ने भी नरेन्द्र मोदी कुशल नेतृत्व का लोहा माना है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाना केवल दृढ़ राजनैतिक इच्छाशक्ति से ही संभव था और आज देश ने एक संविधान और ध्वज है। इसी प्रकार तीन तलाक को लेकर लिया गया निर्णय भी ऐतिहासिक है, जिसके कारण मुस्लिम महिलाओं का शोषण बंद हुआ है और उनके सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि कोरोना महामारी के इस दौर में एक बार फिर यह साबित हो गया है कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों में सुरक्षित है। प्रधानमंत्री की राजनैतिक दूरदृष्टि के कारण देश में कोविड-19 के कारण मृत्यु दर अन्य विकसित देशों की तुलना में काफी कम है। उन्होंने कहा कि 27 मई, 2020 को प्रदेश सरकार ने अपने कार्यकाल के अढ़ाई वर्ष पूरे कर लिये। यह कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है, जिसका श्रेय प्रदेश के प्रत्येक निवासी को जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कोविड-19 महामारी के कारण प्रभावित हुई देश की आर्थिक स्थिति को बहाल करने के लिए 20 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज दिया है, जिसका लाभ हिमाचल प्रदेश को भी मिला है। उज्ज्वला योजना के अन्तर्गत तीन महीनों की अवधि के लिए 1.36 लाख गैस सिलेण्डर मुफ्त में प्रदान किए गए हैं। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अन्तर्गत प्रदेश के 8.74 लाख किसानों को दो-दो हजार रुपये प्रदान किए गए हैं। प्रधानमंत्री जन-धन योजना के अन्तर्गत पात्र 5.90 लाख महिलाओं के खातों में अप्रैल, मई व जून माह के लिए 500-500 रुपये की राशि जमा की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपना उत्तरदायित्व निभाते हुए देश के विभिन्न हिस्सों में फंसे हिमाचलवासियों को वापस लाने के प्रयास किए, जिसके परिणामस्वरूप 1.80 लाख से अधिक लोगों को वापस लाया जा चुका है। इसके कारण राज्य में कोरोना मामलों में वृद्धि हुई, लेकिन इसके बावजूद स्थिति नियंत्रण में है और बाहरी राज्यों से वापिस आने वाले लोगों को संस्थागत अथवा होम क्वारंटीन में रखने के समुचित प्रबन्ध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने भी सक्रिय मामलों की जांच के लिए आरम्भ किए गए प्रदेश के अभियान को सराहा है और अन्य राज्यों को भी हिमाचल प्रदेश से सीख लेने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर संकल्प शपथ भी दिलाई।
शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डाॅ. राजीव सैजल, मुख्य सचेतक नरेन्द्र बरागटा, विधायक सुख राम चौधरी, बलबीर वर्मा, राकेश जमवाल एवं रीना कश्यप, बाल कल्याण परिषद की महासचिव पायल वैद्य, शिमला नगर निगम की महापौर सत्या कौंडल, उप महापौर शैलेन्द्र चौहान, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर, हिमफैड के अध्यक्ष गणेश दत्त और सक्षम गुड़िया बोर्ड की अध्यक्ष रूपा शर्मा सहित शिमला संसदीय क्षेत्र के अन्य नेता इस अवसर पर उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *