शिमला। प्रदेश कांग्रेस आपदा सैल के प्रभारी हरि कृष्ण हिमराल ने डीजल और पेट्रोल के दामों में वृद्धि की आलोचना करते हुए कहा है कि एक तरफ हर रोज कच्चे तेल के दामों में भारी कमी हो रही है, तो दूसरी तरफ सरकार इसके मूल्यों में बढ़ोतरी कर अपनी तिजोरी भर रही है। उन्होंने कहा है कि कोविड-19 महामारी के चलते सरकार लोगों को कोई भी राहत नहीं दे रही है, उल्टे उस पर महंगाई थोप रही है।
हिमराल ने कहा कि सरकार तेल कंपनियों को पूरा लाभ दे रही है, जबकि ग्राहकों को इसके मूल्यों की अतिरिक्त मार झेलनी पड़ रही है। सरकार इस पर लगातार वैट बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार कोविड-19 के नाम पर आर्थिक बोझ आम लोगों पर डाल रही है। एक तरफ देश की गिरती अर्थव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी, मंहगाई से लोग पहले ही दुखी हैं, वहीं दूसरी तरफ लोगों पर हर चीज पर कोविड टैक्स थोपा जा रहा है।
हिमराल ने प्रदेश सरकार से मांग की कि प्रदेश में डीजल और पेट्रोल पर वैट कम किया जाए। उन्होंने कहा कि आज जबकि पब्लिक ट्रांसपोर्ट पूरी तरह अस्त व्यस्त है, लोग मजबूरी में निजी वाहनों और टैक्सियों का प्रयोग करने को मजबूर हैं। ऐसे में पेट्रोल, डीज़ल के मूल्यों में कटौती कर उन्हें पूरी राहत दी जानी चाहिए।
