Spread the love

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने अलगाववादी धमकी पर चिंता प्रकट करते हुए सरकार से ऐसी धमकियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा है कि चूंकि यह देश, प्रदेश व राजनेताओं की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। इसलिए इसे गम्भीरता से लेते हुए इस पर ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।

राठौर ने कहा कि पिछले साल भी ऐसी ही एक धमकी प्रदेश को मिली थी। उस समय सरकार ने इन अलगाववादी नेताओं पर क्या कार्रवाई की उसे भी लोगों को बताया जाना चाहिए, जिससे लोगों में कोई असुरक्षा की भावना ने फैले। उन्होंने कहा कि ठीक चुनावों से पहले इस प्रकार की धमकियां मिलना और इन तत्वों का ऐकाएक सक्रिय होना भी अपने आप मे कई प्रश्न पैदा करता है। उन्होंने कहा कि देश का खुफिया तंत्र सरकार के हाथ में होता है, ऐसे में वह क्या कर रहा है। 

कुलदीप राठौर ने शनिवार को यहां पत्रकार वार्ता में कहा कि देश के पांच राज्यों में हुए चुनाव मुद्दों पर आधारित नहीं रहे। इसके विपरीत प्रदेश में हुए चार उप चुनाव बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर लड़े गए थे। उसमें कांग्रेस को शानदार जीत हासिल हुई। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में हुए चुनाव मुद्दों से हटकर छद्म राष्ट्रवाद, सांप्रदायिकता पर लड़े गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की एकता और अंखडता के लिये अपने नेताओं महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी व राजीव गांधी के प्राणों की आहुति दी है, इसलिए कांग्रेस कभी भी अपने इस रास्ते से भटकने वाली नहीं है। 

राठौर ने देश में बढ़ती महंगाई पर सरकार को घेरते हुए पूछा कि क्या कारण है कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोल, डीजल व एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम बढ़ गए, जबकि प्रदेश में हुए उप चुनावों के तुरंत इनके मूल्यों में कटौती की गई थी। उन्होंने कहा कि पिछले छह माह की तुलना में महंगाई की दर 9.3 से बढ़कर 44.97 प्रतिशत हो गई। इसी तरह जीवन रक्षक दवाइयों के मूल्यों में भी एकाएक वृद्धि हो रही है। उन्होंने कहा कि पांच दिनों में पेट्रोल डीजल 3.20 रुपए बढ़े हैं। 

भाजपा समर्थित वीपी सिंह सरकार के कार्यकाल में हुआ कश्मीर से हिंदुओं का पलायन – राठौर 

कुलदीप राठौर ने कश्मीर फ़ाइल्स फिल्म, जिसमें कश्मीर में पंडितों के पलायन को दर्शया गया है, को भाजपा सरकार की कांग्रेस को बदनाम करने की एक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि जिस समय वहां से कश्मीरी पंडितों का पलायन हुआ था, उस समय केंद्र में भाजपा समर्थित वीपी सिंह सरकार सत्तासीन थी। उस समय जम्मू-कश्मीर में भाजपा नेता जगमोहन राज्यपाल थे। ऐसे में इस पलायन के लिए कांग्रेस को किसी भी प्रकार से दोषी नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि वैसे भी फ़िल्म कल्पना के आधार पर होती है। उन्होंने इस फ़िल्म के प्रचार लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आलोचना करते हुए कहा कि वह देश में साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा ही देश की एकता और अखंडता के लिये एकजुट होकर लड़ती रही है और आगे भी लड़ती रहेगी। 

नगर निगम चुनावों को बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी व विकास के मुद्दों पर लड़ेगी कांग्रेस – राठौर 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नगर निगम चुनावों को बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी व विकास के मुद्दों पर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि आज केंद्र में भी भाजपा की सरकार है और प्रदेश में भी। वहीं नगर निगम में भी भाजपा का ही कब्जा है। ऐसे में भाजपा शासित नगर निगम में सुविधाओं का अभाव व पैसे की कंगाली का रोना या सरकार से कोई मदद न मिलने का रोना नहीं रो सकते। राठौर ने कहा कि कांग्रेस नगर निगम चुनावों में अपने मजबूत प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी जीत का क्रम जारी रखते हुए शिमला शहर की समस्याओं दूर करेगी। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *