Spread the love

ऊना। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा है कि कोरोना जैसी भयानक महामारी में प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों की रफ्तार को कम नहीं होने दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले चार वर्षों में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत लगभग 300 करोड़ की राशि विभिन्न भवनों के निर्माण पर व्यय की जा रही है। वे मंगलवार को ऊना जिले में कुटलैहड़ विधानसभा हलके के तहत ग्राम पंचायत धतोल, सुरड़ा, ब्राह्मणा-कस्वाण, कस्वाण-रणौता, तरखानका व धुंधला लोअर में सम्पर्क से समर्थन यात्रा के दौरान बोल रहे थे। 

कंवर ने कहा कि लोगों को एक ही छत के नीचे सभी कार्यालयों की सुविधा मिल सके, इसके लिए 20 करोड़ रूपए से बंगाणा में मिनी सचिवालय बनाया जा रहा है। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के बंगाणा में हिमाचल का सबसे बड़ा बीडीओ कार्यालय निर्मित किया जा रहा है, जिस पर लगभग 10 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। बंगाणा में 50 बैड का अस्पताल बनाया जा रहा है, जिसमें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना की तर्ज़ पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त जाईका का ट्रेनिंग सेंटर भी बनाया जा रहा है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि 13 करोड़ रुपए की राशि व्यय कर बंगाणा के लोगों की सुविधा के लिए सीवरेज़ सिस्टम का भी निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 20 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृति की गई है, जिसमें वाटर स्पोटर्स तथा पैराग्लाईडिंग जैसी गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा।इस अवसर पर बीडीओ यशपाल सिंह परमार, एसडीओ आईपीएच हरभजन सिंह, धतोल के प्रधान बलविंदर सिंह, प्रधान पिपलू महेंद्र सिंह, प्रधान बलविंदर, उप प्रधान अवतार, मंडल महामंत्री रमेश शर्मा, रजिंद्र रिंकू, कमल संगर, पूर्व प्रधान उर्मिला ठाकुर, सोहन सिंह, राजकुमार व मदन राणा उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *