शिमला। राजधानी शिमला में रह रहे प्रवासी मजदूर और अन्य गरीब वर्ग पर कर्फ्यू की पड़ रही मार के बाद दो वक्त की रोटी का प्रबंध करना मुश्किल हो गया है। ऐसे में यहां के कुछ युवाओं ने इनके लिए राशन का प्रबंध कर मिसाल कायम की है। युवाओं ने शिमला यूथ प्रोग्रेसिव एसोसिएशन के बैनर तले एकजुट कर जरूरतमंदों को राशन प्रदान किया है। एसोसिएशन के चेयरमैन धर्मपाल ठाकुर ने बताया कि उन्होंने हरिहर आश्रम पंथाघाटी, मैहली और आस-पास के क्षेत्र में 50 जरूरतमंद गरीब परिवारों को राशन उपलब्ध करवाया है। उन्होंने कहा कि कर्फ्यू के कारण इन गरीब लोगों का काम बंद है और इसे देखते हुए उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ इनकी मदद का बीड़ा उठाया है। उन्होंने कहा कि इन सभी को आटा, चावल, दाल, तेल, नमक, साबुन, आलू और प्याज उपलब्ध करवाया है। ठाकुर ने कहा कि उनकी एसोसिएशन ने शिमला शहर में अलग-अलग वार्डों के लिए टीमें बनाई है और वह अपने-अपने एरिया में गरीबों की मदद कर रही है और उनका यह क्रम लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि वे किसी को भूखा नहीं रहने देंगे और सभी की मदद कर राशन प्रदान करेंगे।
