शिमला। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र व प्रदेश सरकार से मांग की है कि रूस-यूक्रेन युद्ध से पैदा हालात के चलते यूक्रेन में फंसे हिमाचली विद्यार्थियों को सकुशल घर वापस लाया जाए। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण यूक्रेन में आए दिन हालात खराब हो रहे हैं और वहां अध्यनरत भारतीय विद्यार्थी अपनी सुरक्षित वतन वापसी के प्रति चिंतित हैं।कुलदीप राठौर ने कहा कि विश्व के कई देशों ने युद्ध की आशंका को देखते हुए यूक्रेन में पढ़ रहे अपने देश के विद्यार्थियों की वतन वापसी के लिए समय रहते कदम उठाए, लेकिन उस समय भारत सरकार ने इस पर कोई गम्भीरता नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि अगर भारत सरकार भी अन्य देशों की तरह समय रहते उचित कदम उठाती तो आज यूक्रेन में पढ़ रहे विद्यार्थियों को इन परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कीव में फंसे हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों से वीडियो कॉल के माध्यम से जमीनी हकीकत की जानकारी ली। वीडियो कॉल पर कीव से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के छात्र विनायक व अन्य छः विद्यार्थियों, जिनमें तीन लड़कियां भी हैं, ने कहा कि वे अपने रिस्क पर कीव से बाहर निकल रहे हैं। भारतीय दूतावास ने यह कहते हुए पल्ला झाड़ दिया है कि वे उन्हें केवल रेलवे स्टेशन तक पंहुचा सकते हैं।
कुलदीप सिंह राठौर ने जब इन विद्यार्थियों से पूछा कि उन्हें किस प्रकार की मदद की जरूरत चाहिए, तो इन विद्यार्थियों ने सरकार की व्यवस्था के प्रति अपनी नाराजगी जताते हुए कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। इन विद्यार्थियों ने कहा कि यदि भारत सरकार ने समय रहते उचित कदम उठाए होते तो आज उन्हें इतनी मुश्किलों का सामना नहीं करना पड़ता। इन विद्यार्थियों से वीडियो कॉल पर बात करते कुलदीप राठौर ने कहा कि विद्यार्थी किस प्रकार डर के साए में कीव की सड़कों पर पैदल चल कर वतन वपसी के लिए संघर्ष कर रहे हैं और जगह-जगह बंदूकें ताने सेना के जवानों का सामना कर रहे हैं।
राठौर ने कहा कि इन विद्यार्थियों ने उनसे गुहार लगाई कि यूक्रेन में फंसे भारतीय विद्यार्थियों की सकुशल वतन वापसी के लिए केन्द्र व हिमाचल सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाई जाए। राठौर ने कहा कि उन्होंने रूस-यूक्रेन के युद्ध के बाद बन रहे हालातों पर चिंता व्यक्त करते हुए यूक्रेन में फंसे सभी विद्यार्थियों की सुरक्षित वतन वापसी के लिए हर सम्भव कदम उठाने का भरोसा दिया और कहा कि वे स्वयं उनकी आवाज को सरकार के समक्ष उठाएंगे। राठौर ने राज्य सरकार से निवेदन किया कि यूक्रेन मे फंसे हिमाचल के छात्रों की सकुशल घर वापसी सुनिश्चित की जाए।
