शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से कहा है कि वह कर्मचारियों को डराने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी मांगें रखने और उन्हें मनवाने के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन करने का संवैधानिक अधिकार है। इसलिए उन्हें न तो वह डराने का ही प्रयास करें और न ही धमकाने का।
राठौर ने मुख्यमंत्री के उस बयान, जिसमें उन्होंने कर्मचारियों को अपनी मांगों को लेकर किसी भी आंदोलन के प्रति कड़ी चेतावनी दी है, पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों की मांगों के प्रति संवेदनहीन है। उनका यह बयान एक तानाशाही की ओर इंगित करता है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कर्मचारियों की मांगों को लेकर उनके साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चुनावों के मद्देनजर उन्हें प्रलोभन देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शासकीय व्यवस्था पूरी तरह अस्त-व्यस्त होकर रह गई है।
कुलदीप राठौर ने प्रदेश में किसानों बागवानों को खाद न मिलने पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि सरकार अपना दायित्व निभाने में विफल रही है। उन्होंने कहा कि आज थोड़ी बहुत खाद जो किसानों बागवानों को अपनी भाग दौड़ कर मिल भी रही है, वह बहुत ही महंगी दरों पर खरीदी जा रही है। पिछले साल की अपेक्षा इस साल दोगुने से भी ज्यादा महंगी दरों पर खाद बेची जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों बागवानों को कोई भी राहत सरकार ने नहीं दी है। उन्होंने सरकार से किसानों व बागवानों को सस्ती दरों में तुरंत खाद उपलब्ध करवाने को कहा है।
बाक्स
कुलदीप सिंह राठौर ने यूक्रेन में फंसे भारतीयों विशेषकर हिमाचल के लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने कहा कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध की तनातनी में वहां फंसे भारतीयों को सुरक्षित उनके घरों में पहुंचाया जाना चाहिए।
