शिमला। ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी सोमवार को भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर में तीन घंटे के लिए बैठे और इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याओं को सुना। उनसे प्रदेशभर से 78 लोग मिले। वहीं, मंत्री से कुल 4 प्रतिनिधिमंडलों ने भी मुलाकात की। इस अवसर पर कई प्रकार की समस्याएं मंत्री के समक्ष आई, जिसको उन्होंने मौके पर ही निपटाया।
कसुंपटी मंडल के एक प्रतिनिधिमंडल ने ट्रांसफार्मर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर बदले जाने की मांग मंत्री के समक्ष रखी, जिसको मंत्री ने स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार, प्रदेशभर में बिजली की लाइन शिफ्ट करने की भी सिफारिश सामने आई और प्रमोशन व ट्रांसफर की भी कई मांगें सुखराम चौधरी के समक्ष उठाई गई। सुखराम चौधरी ने कहा कि मंत्रियों के प्रदेश कार्यालय में बैठने से कार्यकर्ताओं और जनता के बीच संवाद बढ़ता है। इस प्रयास से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचालन हो रहा है।
