शिमला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सीने में दर्द हुआ है। इसके चलते उनका शुक्रवार को आईजीएमसी शिमला में चैकअप हुआ है। वहां पर उनकी सारी रिपोर्ट नॉर्मल आई है, फिर भी आगे चैकअप के लिए वे एम्स दिल्ली गए हैं। वे दोपहरबाद शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली पहुंचकर वे एम्स अस्पताल गए और वहां पर डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें दाखिल किया गया है। सरकारी प्रवक्ता के मुताबिक उनकी तबीयत ठीक है और रूटीन चैकअप के लिए उन्हें दाखिल किया गया है।
उधर, मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री को वीरवार रात सीने की कुछ दर्द हुई और फिर वे आईजीएमसी अस्पताल पहुंचे और फिर चैकअप करवाया। इसके बाद वे रात को ही घर वापस आ गए थे और शुक्रवार सुबह फिर स्वास्थ्य जांच के लिए आईजीएमसी पहुंचे। वहां कार्डियोलॉजी विभाग में अपनी जांच करवाई। विभाग में मुख्यमंत्री के हृदय से जुड़े ईको टेस्ट से लेकर ईसीजी तक सभी टेस्ट किए गए। स्वास्थ्य जांच के बाद मुख्यमंत्री फिर अपने सरकारी आवास पहुंचे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने मंडी कालेज में सिराज छात्र संगठन के कार्यक्रम को वर्चुअल माध्यम से संबोधित भी किया। इसके बाद वह दोपहरबाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
उधर, आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. जनक राज ने बताया कि मुख्यमंत्री अस्पताल में रूटीन जांच के लिए आए थे। उनकी सभी टेस्ट रिपोर्ट सामान्य हैं। चेकअप करवाने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लौट गए थे।
बताते हैं कि दिल्ली पहुंचकर मख्यमंत्री सीधे एम्स अस्पताल गए और वहां पर अपना चैकअप करवाया, लेकिन डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें एम्स में भर्ती करवाया गया है। बताया जाता है कि वहां पर उनके कुछ टेस्ट हो रहे हैं और इसके चलते उन्हें दाखिल करवाया गया है। वहीं, प्रदेश सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री बिलकुल ठीक हैं और केवल रूटीन जांच के लिए उन्हें अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। ऐसे में चिंता वाली कोई बात नहीं है।
