शिमला। जिला कांग्रेस कमेटी शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों के साथ आज वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक की। इस बैठक में यशवंत छाजटा ने सभी ब्लॉक अध्यक्षों से कोरोना वैश्विक महामारी पर पार्टी के दिशा निर्देशों द्वारा किए गए कार्यों पर रिपोर्ट मांगी।
छाजटा ने ब्लॉक अध्यक्षों से कहा कि सभी ब्लाक अध्यक्ष अपने क्षेत्र में गरीब परिवारों की ज्यादा से ज्यादा सहायता कर अपना योगदान दें और पार्टी द्वारा दिए दिशानिर्देशों की पालना करते हुए उन्हें हर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक पहुंचाए। उन्होंने कहा कि ब्लॉक की कार्यकारिणी की सूची जल्द से जल्द तैयार की जाए। यशवंत छाजटा ने कहा कि जिला व ब्लॉकों की कार्यकारिणी का गठन जल्द से जल्द किया जाना है। उन्होंने सभी ब्लॉक अध्यक्षों से जल्द से जल्द ब्लॉकों की कार्यकारिणी की सूची को जिला को प्रेषित करने को कहा।
छाजटा ने कहा कि सभी ब्लाक अध्यक्ष सभी वर्गों को साथ लेकर कार्यकारिणी का गठन करें और पार्टी में ईमानदार और योग्य को ही स्थान दें, जो पार्टी की विचारधारा को लेकर चले। उन्होंने कहा कि जो पार्टी के सच्चे सिपाही हो उन सिपाहियों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए। उन्हें पार्टी में जरूर स्थान मिलना चाहिए।
