शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा एनएसयूआई के तीन छात्रों के निष्कासन के मामले को सुलझाने के लिए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर द्वारा गठित तीन सदस्यीय कमेटी ने बुधवार को विवि के कुलपति से मुलाकात की। जिला शिमला कांग्रेस कमेटी शहरी के अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी, शिमला ग्रामीण के अध्यक्ष यशवंत छाजटा व प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सुशांत कपरेट ने विवि के कुलपति प्रो. सिकन्दर कुमार से भेंटकर उन्हें छात्रों के निष्कासन का आदेश निरस्त करने की मांग की।
कमेटी के सदस्यों ने इस दौरान छात्र हित से जुड़े विभिन्न मुद्दों, जिनमें पुस्तकालय को खोलना व बर्फीले क्षेत्रों से पढ़ने वाले छात्रों के लिए छात्रवास खुले रखने जैसे मामलों पर विस्तृत चर्चा भी की। कमेटी ने विश्वविद्यालय की लाइब्रेरी खोलने और हॉस्टलों में जनजातीय क्षेत्रों के छात्रों को रहने का विश्वविद्यालय का वीसी से आग्रह किया। इन सदस्यों ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद छात्र अपने घरों को नहीं जा पा रहे हैं, ऐसे में उन्हें हॉस्टल में रहने की अनुमति दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों को अपने अधिकारों के प्रति आवाज उठाने का पूर्ण अधिकार है।
कमेटी के सदस्यों ने कहा कि प्रदेश के बड़े नेता छात्र राजनीति से ही निकले हैं। ऐसे में छात्रों की मांगों पर विश्वविद्यालय प्रशासन को सहानुभूतिपूर्वक देखना चाहिए और छात्रों के भविष्य को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा तीन छात्रों को निष्कासित करने के फैसले को वापस लेना चाहिए। कमेटी के सदस्यों ने कहा कि विश्वविद्यालय के वीसी के साथ इस संदर्भ में सार्थक चर्चा रही है और उन्होंने जल्दी मामले को सुलझाने का आश्वासन दिया है।
