Spread the love

धर्मशाला। महिलाओं की सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता सुनिश्चित बनाने के लिए राज्य सरकार कृतसंकल्प है। यह उद्गार सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री सरवीन चौधरी ने शुक्रवार को सत्तोवरी के इंद्रप्रस्थ में राष्ट्रीय महिला आयोग के सौजन्य से आयोजित दो दिवसीय राज्य महिला आयोगों की परिसंवाद बैठक का शुभारंभ करते हुए व्यक्त किए।

सरवीन चौधरी ने कहा कि महिलाओं को संकट की घड़ी में सुरक्षा प्रदान करने की शक्ति बटन ऐप की सुविधा प्रदान की है। इस ऐप को मोबाइल पर गुगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। इस ऐप के माध्यम से संकट की घड़ी में ऐप का लाल बटन दबाकर पुलिस की सहायता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने कहा कि शक्ति बटन की यह विशेषता है कि यह ऐप इंटरनेट कनेक्टिविटी के बिना भी चलती है। सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्री ने कहा कि घरेलू हिंसा के मामलों से भी तत्परता के साथ निपटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए भी कारगर कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री शगुन योजना के तहत बीपीएल परिवारों की कन्याओं के विवाह के लिए 3100 रुपए की आर्थिक सहायता भी राज्य सरकार द्वारा दी जा रही है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए शादी से दो महीने पहले तथा शादी के छह महीने बाद आवेदन किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बेटी है अनमोल योजनाओं का भी सुचारू कार्यान्वयन सुनिश्चित किया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य महिला आयोग भी महिलाओं की शिकायतों एवं समस्याओं का उचित निपटारा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्व है।

सरवीन चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के मार्गदर्शन से राज्य में महिलाओं के उदार के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं व गुड़िया हेल्पलाइन 1500 व वुमेन हेल्पलाइन 181 के तहत महिलाओं की सभी शिकायतों का निवारण तीव्रता से किया जा रहा है। इसके अलावा राज्य महिला आयोग द्वारा भी महिलाओं से सम्बन्धित शिकायतों का निवारण समयबद्ध तरीके से किया जा रहा है। इससे पहले राज्य महिला आयोग की सदस्य इंदूबाला ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए दो दिवसीय बैठक के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस बैठक में देश के 15 राज्यों की अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सदस्य और सदस्य सचिव उपस्थित भाग ले रही हैं। इस अवसर पर सदस्य सचिव मीता राजीव लोचन ने राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव एकता काप्टा भी उपस्थित रहीं। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *