शिमला। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप और महामंत्री त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि देशभर में 15-18 वर्ष के बच्चों को कोविड वैक्सीन का सुरक्षा कवच बनाने के लिए टीकाकरण आरंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश एक साथ कोरोना को हराने के लिए आगे बढ़ रहा है। भाजपा सरकार ने निरंतर कोरोना के खिलाफ युद्ध लड़ने में अग्रिम भूमिका निभाई है। पूर्व में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कुशल नेतृत्व में कोरोना को हराया है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे भी अपने बच्चों को वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
भाजपा नेताओं ने कहा कि कोरोना के विरुद्ध जन आंदोलन को मजबूत करने के लिए यह जरूरी कदम है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस कार्य को एक मुहिम के रूप में चला रहा है। उनका कहना था कि हमें स्वयं भी जागरूक रहना है और दूसरों को भी जागरूक करना है। साथ ही संक्रमण से बचने के सभी उपाय पूर्ववत करते रहना है।उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के समय भारत सरकार ने दुनिया का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाया और उसको प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा। उन्होंने कहा कि पूरे देश को कोरोना का टीका मुफ्त में उपलब्ध करवाना अपनेआप में ही एक बड़ी उपलब्धि है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पूरे देश में टीकाकरण की दृष्टि से हिमाचल अव्वल रहा है। चाहे वह टीके की प्रथम डोज़ हो और अब 15 से 18 साल के बच्चों को टीका लगाने में, हिमाचल एक बार फिर देश में प्रथम स्थान पर रहेगा।
