Spread the love

मंडी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मण्डी में हिमाचल प्रदेश ग्लोबल इन्वेस्टर्ज़ मीट की दूसरी ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी की भी अध्यक्षता की। इस आयोजन में 28,197 करोड़ रुपये लागत की 287 निवेश योग्य परियोजनाओं को धरातल पर उतारा गया। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आर्थिक विकास को गति प्रदान करने के साथ-साथ लगभग एक लाख रोजगार के अवसर सृजित होने की सम्भावना है।
मेगा परियोजनाओं में एसजेवीएनएल द्वारा 7000 करोड़ रुपये की लागत की रेणुकाजी बांध परियोजना, मैसर्ज़ एसएमपीपी प्राइवेट लिमिटेड द्वारा 2,000 करोड़ रुपये लागत का राज्य का पहला डिफेंस पार्क, मैसजऱ् किनवन प्राइवेट लिमिटिड द्वारा 850 करोड़ रुपये लागत की एपीआई इकाई, मैसजऱ् इंडो फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड द्वारा 510 करोड़ रुपये लागत से राज्य का पहला डिफेंस पार्क शामिल हैं। इसके अलावा, उद्योग और ऊर्जा के साथ-साथ पर्यटन, स्वास्थ्य, आयुर्वेद आदि क्षेत्रों से सम्बन्धित परियोजनाएं भी धरातल पर उतारी गईं। उन्होंने इस अवसर पर राज्य की स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति का अनावरण भी किया।
प्रधानमंत्री ने वर्तमान राज्य सरकार की चार वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित ‘सेवा और सिद्धि के, 4 साल समृद्धि के’ काॅफी टेबल बुक का विमोचन भी किया। यह काॅफी टेबल बुक सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा तैयार की गई है। इस अवसर पर वर्तमान राज्य सरकार की विभिन्न उपलब्धियों पर आधारित विभाग द्वारा निर्मित वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किया गया।
मुख्यमंत्री ने शाॅल, हिमाचली टोपी और त्रिशूल भेंट कर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।
इससे पूर्व, मण्डी के कंगनीधार हैलीपैड पर प्रधानमंत्री के आगमन पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर और प्रदेश मंत्रिमण्डल के सदस्यांे ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद एवं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप, सांसद कांगड़ा संसदीय क्षेत्र किशन कपूर, सदस्य राज्यसभा इन्दु गोस्वामी प्रधानमंत्री के साथ मंच पर उपस्थित थे जबकि हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक, विभिन्न बोर्ड तथा निगमों के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष भी इस अवसर पर उपस्थित थे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *