ऊना। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य व पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि बकरी के दुग्ध उत्पादों को पैकिंग करके विपणन के लिए बाजार तैयार किया जाएगा। इससे किसानों को दुध व उनसे बने उत्पादों का मार्केट में अच्छा मूल्य मिलेगा तथा किसानों की आजीविका भी सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में बकरी पालकों की एक सोसाईटी भी बनाई जाएगी। वे शुक्रवार को ऊना जिले के थानाकलां में किसानों के लिए आयोजित एक दिवसीय जागरूकता शिविर बोल रहे थे।
ग्रामीण विकास मंत्री ने शिविर में कृषकों को कृषक बकरी पालन योजना के तहत बीटल नस्ल की बकरियां वितरित की। उन्होंने कहा कि मार्केट में बकरी के दूध की अच्छी मांग है और दूसरे दुधारू पशुओं की तुलना में बकरी का दूध काफी ऊंचे दाम पर बिकता है, क्योंकि इसमें प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा के तहत पहले भी 70 यूनिट इस योजना के तहत वितरित किए गए हैं जो किसानों की आजीविका सुदृढ़ करने में काफी कारगर सिद्ध हुए हैं। उन्होंने कहा कि कृषक बकरी पालन योजना के तहत प्रदेश में अलग-अलग उन्नत नस्ल की बकरियां कृषकों को वितरित की जा रही है।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डाॅ. जय सिंह सेन ने बताया कि कृषक बकरी पालन योजना के तहत सरकार द्वारा कृषक को 95 प्रतिशत उपदान दिया जाता है, जबकि कृषक को 5 प्रतिशत राशि वहन करनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि बकरी वितरण के साथ-साथ बकरियों का निःशुल्क तीन साल का बीमा भी किया गया, ताकि भविष्य में कोई अनहोनी दुर्घटना होने पर कृषकों को उसकी भरपाई हो सके। बीमे की राशि सरकार द्वारा वहन की जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषकों को बकरियां घर तक ले जाने के लिए किराया तथा निःशुल्क दवाईयां भी विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई गई हैं।
