Spread the love

शिमला। तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिकी प्रशिक्षण मंत्री डॉ. रामलाल मारकंडा ने कहा है कि प्रदेश के दूर-दराज तथा ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को डिजिटल प्रतिस्पर्धा में कम्प्यूटर शिक्षा प्रदान करना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। वे वीरवार को शिमला जिले के रामपुर बुशैहर तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण संघ द्वारा आयोजित सात दिवसीय इंडोर खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे‌ थे। 

डॉ. मारकंडा ने कहा कि बुशैहर तकनीकी प्रशिक्षण संघ ने युवाओं का रूझान अपनी संस्कृति की ओर किया है। इस तरह के आयोजनों से जहां युवाओं का मनोबल बढ़ता है, वहीं खेलकूद प्रतियोगिता के माध्यम से शरीर का मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने संघ के सभी प्रशिक्षण संस्थानों से आए प्रतिभागियों तथा समाज की युवा पीढ़ी से आग्रह किया कि वे अपने संस्कृति की विरासत जो हमें बुजुर्गों से मिली है उसे संजोए रखने में सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी नशे में लिप्त हो रही है, जिन्हें नशे से दूर करने के लिए ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करना आवश्यक है। उन्होंने रामपुर में एक ऑडिटोरियम बनाने के लिए स्थानीय पदाधिकारियों एवं अधिकारियों से जमीन उपलब्ध करवाने के दिशा-निर्देश दिए ताकि इस प्रकार के सांस्कृतिक एवं इंडोर प्रतियोगिताओं को करवाने में मुश्किलों का सामना न करना पड़े।डॉ. मारकंडा ने कहा कि सरकार ने बेरोजगारों के लिए महत्वाकांशी योजना लाई है। इस योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को तीन माह का ड्रोन चलाने तथा उसके रख-रखाव के विषय में प्रशिक्षण देगी। यह कार्यक्रम प्रदेश के सभी क्षेत्रों में सितम्बर, 2022 से आरम्भ करेगी। इस प्रशिक्षण के तत्पश्चात प्रदेश का युवा वर्ग अपनी आजीविका का निर्वहन कर सकेगा। उन्होंने रामपुर उपमण्डल में रोजगार मेले का आयोजन करने के निर्देश भी दिए, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर प्राप्त हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग 8 हजार निजी संस्थान कार्य कर रहे हैं, जिनसे प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षुओं के लिए सरकार द्वारा एक कमेटी का गठन कर प्रशिक्षुओं को सरकार द्वारा सरकारी प्रमाण पत्र जारी करने की योजना बनाई जाएगी। 

 इसके उपरांत, डॉ. राम लाल मारकंडा ने प्रतियोगिता में प्रथम व द्वितीय स्थान पर आए छात्र एवं छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर मण्डलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी रामपुर भीमसेन ठाकुर, प्रदेश कार्य समिति भाजपा सदस्य नरेश चौहान, पूर्व में रहे कैलाश फैडरेशन अध्यक्ष बृज लाल, अध्यक्ष किसान एडवाईजर कमेटी अनिल चौहान, व्यापार मण्डल रामपुर के अध्यक्ष तनमय शर्मा, मण्डलाध्यक्ष महिला मोर्चा किरणा भंडारी, महामंत्री महिला मोर्चा सुनीता बंसल एवं नगर परिषद के पार्षद, उपमण्डलाधिकारी रामपुर यादविन्द्र पाॅल, रामपुर प्रशिक्षण संस्थान के प्रधानाचार्य ओमकार तथा बुशैहर तकनीकी एवं व्यवसायिक प्रशिक्षण संघ के उपाध्यक्ष राजेन्द्र ठाकुर एवं अन्य कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *