Spread the love

धर्मशाला। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि 15वें वित्तायोग ने प्रदेश में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के निर्माण के लिए एक हजार करोड़ रुपए की अनुशंसा की है। साथ ही गगल एयरपोर्ट के विस्तार के लिए भी 400 करोड़ रुपए की राशि देने की बात कही है। उन्होंने है कि मंडी एयरपोर्ट प्रदेश की भावनाओं का प्रोजेक्ट है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को इसके निर्माण में सहयोग करना चाहिए। माकपा विधायक राकेश सिंघा पर तंज कसते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि उनकी पार्टी तो कहीं भी लाल झंडा गाड़ कर खड़ी हो जाती है। 

विधानसभा के शीतकालीन सत्र के अंतिम दिन मंडी एयरपोर्ट के निर्माण को लेकर माकपा के राकेश सिंघा के अनुपूरक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं। रेलवे का विस्तार धीमी गति से होता है। प्रदेश में फोर लेन प्रोजेक्टों का निर्माण जारी है। एयर कनेक्टिविटी बढ़ाए जाने की स्थिति में राज्य में पर्यटन विकास को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल में एयर कनेक्टिविटी बढ़ने पर लोग कश्मीर को भूल जाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडी हवाई अड्डा का लेडार और ओएलएफ सर्वे हो चुका है। अभी भू-अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। सरकार एयरपोर्ट के निर्माण के लिए धन की व्यवस्था के साथ-साथ भू-अधिग्रहण पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने की स्थिति में प्रदेश की भावी पीढ़ियों को इसका फायदा होगा। 

इससे पहले, जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने माकपा के विधायक राकेश सिंघा के मंडी एयरपोर्ट के लिए भू-अधिग्रहण को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्हें दो-टूक शब्दों में कहा कि वह विकास में रोड़ा बनने की कोशिश न करें। महेंद्र सिंह ने कहा कि मंडी में बड़ा एयरपोर्ट विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। मगर कुछ लोग विकास प्रोजेक्टों के बीच में रोड़ा बनते हैं, जो हिमाचल के हित में नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे में लोगों को जनता बख्शेगी नहीं और उखाड़ फेकेंगे। उन्होंने आग्रह किया गया कि विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ने दें। महेंद्र सिंह ने बताया कि इस प्रोजेक्ट से बड़ा रोजगार हासिल होगा। राकेश सिंघा ने कहा कि मंडी एयरपोर्ट को सरकार निजी क्षेत्र को सौंपेगी और इससे यहां के लोगों का रोजगार छिन जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को उजड़ने वाले लोगों के बारे में सोचना चाहिए और ऐसा कोई कदम नहीं उठाना चाहिए, जिससे स्थानीय लोगों को नुकसान हो। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *