Spread the love

ऊना। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कहा कि सितंबर 2022 तक पीर गौंस का भव्य मंदिर बनकर तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परिसर को भव्य एवं सुंदर बनाने के लिए एक मास्टर प्लान तैयार कर लिया है, जिसके पहले चरण में 5.07 करोड़ रुपए खर्च कर मंदिर बनाया जाएगा। वे बुधवार को ऊना के कुटलहड़ हलके में पीर गौंस दंगल का शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। 

कंवर ने कहा कि इस मंदिर के दूसरे एवं तीसरे चरण में पर्यटकों के लिए अतिरिक्त सुविधाओं का बुनियादी ढांचा तैयार किया जाएगा, जिसमें उन्हें यहां पर ठहरने व भोजन आदि की व्यवस्था भी होगी। उन्होंने कहा कि दूसरे और तीसरे चरण के लिए डीपीआर बनाने का कार्य प्रगति पर है तथा कार्य पूर्ण करने के लिए लगभग छः करोड़ रुपए का बजट प्रदान किया जाएगा। कुल 11 करोड़ रुपए मंदिर व इसके सौंदर्यीकरण के लिए खर्च किए जाएंगे।
वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कोरोना महामारी के चलते दो साल के बाद पीर गौंस में दंगल का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि दंगल और मेले हिमाचल की समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है तथा हमें अपनी पौराणिक परंपराओं को संजोए रखने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि मेले एवं दंगल हमारी संस्कृति का आधार हैं। उन्होने कहा कि पीर गौंस क्षेत्र कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र का प्रवेश द्वार है तथा यहां आने वाले पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं के लिए आधुनिक सुविधाएं तैयार की जाएंगी। उन्होंने कहा कि पीर गौंस मंदिर परिसर में इको पार्क भी बनाया जाएगा, ताकि यह पूरा परिसर अत्यंत सुंदर व रमणीय बन सके। उन्होंने कहा कि यहां पर आने वाले समय में दुकानें, सराय, पार्किंग, तालाब की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही परिसर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। 

पीर गौंस मंदिर की आस्था दूर-दूर तक फैली, उत्तर भारत से श्रद्धालु यहां दर्शन को आते हैं – कंवर 
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि पीर गौंस मंदिर की आस्था दूर-दूर तक फैली है तथा उत्तर भारत के बहुत से पर्यटक व श्रद्धालु यहां घूमने और मंदिरों के दर्शन के लिए आते हैं। विशेष रूप से पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा से आने वाले लोगों की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि पूरे कुटलैहड़ क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए अनेको योजनाओं पर कार्य चल रहा है। गोविंद सागर झील में वॉटर स्पोर्ट्स का ट्रायल सफल रहा है तथा यहाँ पर जल्द ही जल क्रीड़ाओं का व्यावसायिक स्तर पर आयोजन आरंभ हो जाएगा। पैराग्लाइडिंग खेल के लिए पिपलू तथा घरवासडा को चयनित किया गया है। उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं तथा यहाँ पर साहसिक एवं धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, जिला परिषद के उपाध्यक्ष कृष्णपाल शर्मा, तहसीलदार राहुल शर्मा, बीडीओ यशपाल सिंह परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *