शिमला। शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं में 50 प्रतिशत आरक्षण भाजपा की देन रही है और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल सरकार ने इस घोषणा को पूरा किया था। उन्होंने कहा कि भारत में हमेशा महिलाओं को बराबरी पर रखा गया है। उन्होंने कहा की समाज मे महिलाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आज हर क्षेत्र में महिलाएं बढ़चढ़ कर काम कर रही हैं। सेना में, प्रशासन में, मल्टीनेशनल कंपनी, राजनीतिक क्षेत्र में महिलाएं बड़े पदों पर रह कर अच्छा काम कर रही हैं। वे भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे।
महिला मोर्चा अध्यक्ष राशिमधर सूद की अध्यक्षता में प्रारंभ हुई इस बैठक में महिला मोर्चा प्रदेश प्रभारी रेणु थापर, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राम सिंह, महामंत्री त्रिलोक जम्वाल, चेयरमैन रूपा शर्मा, वंदना योगी, वीना ठाकुर एवं मीरा आनंद विशेष रूप में उपस्थित रहे। बैठक में सुरेश भारद्वाज ने कहा कि भाजपा में महिला मोर्चा की अहम भूमिका रही है और महिलाओं का संगठन का कार्य करने में अग्रिम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर में महापौर भी महिला ही है और वह भी ओपन में है। उन्होंने कहा कि आज शिमला नगर निगम में 34 में से 20 पार्षद महिलाएं हैं।
भारद्वाज ने कहा कि भारत की संस्कृति में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक क्षेत्र और चुने हुए प्रतिनिधियों के रूप में महिलाएं विकास कार्यों को गति देने में एवं समाज सेवा के कार्यों में अच्छा काम कर रहे हैं।
बैठक में त्रिलोक जम्वाल ने कहा कि महिला मोर्चा प्रदेश के हर बूथ पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि कोई भी चुनाव हो, उसमें बूथ प्रबंधन की अहम भूमिका रहती है। हमें ख़ुशी है कि महिला मोर्चा ने बूथ स्तर पर सक्रिय रूप से काम किया है और संगठन को बलशाली बनाया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय मे सभी चुनावों में महिला मोर्चा की बड़ी भूमिका रहने वाली है।
