Spread the love

शिमला। कांग्रेस नेता व विधायक रोहित ठाकुर ने कहा है कि जुब्बल-नावर-कोटखाई में बाग़वानी और पर्यटन की दृष्टि से सड़कों की तरफ विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की दुर्गम पंचायतों में विकास को प्राथमिकता दी जाएगी। वे अपने हलके के पन्द्राणु और सोलंग पंचायत में जन आभार कार्यक्रम के दौरान बोल रहे थे। रोहित टाकुर ने कहा कि उत्तराखंड की सीमा के साथ लगती दुर्गम पंचायतों में यदि आज सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं हैं तो इसका श्रेय विकासपुरुषों पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की दूरगामी सोच को जाता है। रोहित ने कहा कि इन्ही दो महापुरुषों के नक़्शे कदम पर चलते हुए उन्होंने भी जुब्बल-नावर-कोटखाई में हर क्षेत्र का एक समान दृष्टिकोण के साथ विकास करने का प्रयास किया है, जिसे आगे भी ज़ारी रखा जाएगा।

रोहित ठाकुर ने कहा कि 2012-17 के कांग्रेस कार्यकाल में सड़कों की सर्वाधिक स्वीकृति और बजट आवंटन में जुब्बल-नावर-कोटखाई अव्वल रहा है। उन्होंने कहा कि हाटकोटी-पौंटा सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग-707 का दर्ज़ा पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सम्भव हो पाया, जिसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। रोहित ठाकुर ने कहा कि पौंटा-हाटकोटी राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर 1400 करोड़ रुपए खर्च होंगे और इसके बनने से बाग़वानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ अन्य मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ किया जाएगा। उन्होंने  कहा कि क्षेत्र और बाग़वानों की समस्याओं को विधानसभा के भीतर और सरकार के समक्ष मज़बूती के साथ उठाकर हल करने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। विधायक रोहित ठाकुर ने पन्द्राणु और सोलंग की जनता की समस्याओं को भी सुना और जल्द ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा कर निपटारा करने का आश्वासन दिया।

जन आभार कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत पन्द्राणु के धड़माना गांव से ज्ञान सिंह रान्टा (दारा) और सोलंग से धन दास ने भाजपा छोड़ विधिवत रूप से कांग्रेस पार्टी का दामन थामा । ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल नावर कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा ने दोनों का कांग्रेस पार्टी में विश्वास व्यक्त करने पर स्वागत किया। इस दौरान ज़िला परिषद सदस्य कौशल मुंगटा, पंचायत समिति के पूर्व उपाध्यक्ष संदीप सेहटा, ग्राम पंचायत पन्द्राणु के प्रधान हेप्पी राणा, उप प्रधान संत राम, मोहन सिंह चौहान, ग्राम पंचायत सोलंग के प्रधान पवन कुमार, उप प्रधान मेहर सिंह चौहान भी उपस्थित रहे। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *