शिमला। कांग्रेस विधायक रोहित ठाकुर ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि जुब्बल और कोटखाई में एसडीएम, बीडीओ की स्थाई नियुक्ति की जाए। साथ ही इन कार्यालयों में कर्मचारियों की भी स्थाई नियुक्ति हो। उन्होंने कहा कि जुब्बल-कोटखाई में उप चुनाव से पहले प्रदेश सरकार ने दो उप-मंडल सहित विकास खंड व उप तहसील की घोषणा की थी, जिसके लिए सरकार ने पदों को अधिसूचित नहीं किया था। आगामी विधानसभा सत्र में उठाएं गए सवालों के जवाब देने से पहले सरकार को पद सृजित करने के लिए बाध्य होना पड़ा है।
रोहित ठाकुर ने अपने निर्वाचन क्षेत्र के नावर की कड़ीवन, कुठाड़ी, पुजारली नं. 3 पंचायतों में आयोजित जन आभार कार्यक्रम के दौरान कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई की प्रबुद्ध जनता पूरे हिमाचल प्रदेश में सूझबूझ और राजनीतिक परिपक्वता के लिए जानी जाती है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के तहत जुब्बल और कोटखाई में उप मंडलाधिकारी (SDM), कोटखाई में खंड विकास अधिकारी और अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग (PWD) की स्थाई नियुक्ति करने की सरकार से मांग की है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि पूर्व कांग्रेस कार्यकाल में नावर क्षेत्र की हर पंचायत में बाग़वानी, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल (2012-17) में नावर क्षेत्र के पुजारली नं 4 में 22 KVA विद्युत नियंत्रण केंद्र, सिंचाई योजनाओं के लिए लगभग 20 करोड़ और विभिन्न सड़कों के निर्माण के लिए 52 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया गया। उन्होंने कहा कि टुटूपानी में 6.69 करोड़ की लागत से सेब ग्रेडिंग व पैकेजिंग केंद्र का निर्माण पूर्व कांग्रेस कार्यकाल में विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित 1134 करोड़ के बागवानी विकास प्रोजेक्ट के तहत हो रहा है, जिसके निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समग्र और एक समान दृष्टिकोण के साथ विकास करवाने के लिए वचनबद्ध है। सड़कों के निर्माण के लिए गत्त चार वर्षों से लम्बित पड़ी डीपीआर को स्वीकृति प्रदान करने और कछुआ चाल से चले हुए सड़को के कार्य को गति प्रदान की जाएगी।
जन आभार कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जुब्बल-नावर-कोटखाई के अध्यक्ष मोतीलाल डेरटा, कड़ीवन पंचायत की प्रधान रेवती देवी, उप प्रधान रविंस सलाकटा, कुठाड़ी पंचायत के प्रधान ललित संग्रैल, उप- प्रधान कृष्ण सपटा, पुजारली नं.3 की प्रधान आशा शर्मा व उप प्रधान कपिल चौहान भी मौजूद रहे।
