शिमला। प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश किमटा ने कहा है कि भाजपा सरकार ने चौपाल क्षेत्र की अनदेखी कर इसके साथ बहुत बड़ा भेदभाव किया है। उन्होंने कहा कि अब चुनाव की बेला में मुख्यमंत्री इस क्षेत्र में आये हैं तो लोकलुभावन घोषणाएं कर लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए चार उप चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा को जिस प्रकार करारी हार का मुंह देखना पड़ा है, उसी तरह उसे अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में करारी हार का मुंह देखना पड़ेगा।
चौपाल ब्लॉक कांग्रेस के बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के विरोध में जन जागरण अभियान के दौरान पुलबाहल में शिरकत करते हुए रजनीश किमटा ने सरकार को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भाजपा की नीतियों ने देश को बर्बाद कर दिया है। नोटबन्दी जैसे अलोकतांत्रिक निर्णयों ने देश की अर्थव्यवस्था चौपट कर दी। उद्योग बंद हो गए। देश की जीडीपी निम्न स्तर पर पहुंच गई।बेरोजगारी का आंकड़ा दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। नए रोजगार बंद हो गए हैं। किमटा ने कहा कि बढ़ती महंगाई भी भाजपा की ही देन है। तीन काले कृषि कानूनों को लेकर देश के किसानों को एक लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी। उन्होंने कहा कि देश में न तो आम लोगों की कोई सुनवाई है न ही किसानों, बागवानों की ही।
रजनीश किमटा ने कहा कि प्रदेश में लोगों की आर्थिकी का मुख्य स्रोत बागवानी है। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा ही बागवान विरोधी रही है। बागवानों को समय पर कोई भी न तो सुविधा ही मिल रही है और न ही खाद,कीटनाशक। उन्होंने कहा कि आज बागवानों का करोड़ों सरकार के पास भुगतान के लिए पड़ा है। बागवानों की आर्थिकी बिगड़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ सड़कों की खस्ताहाल तो दूसरी तरफ सरकार की अव्यवस्था से लोग परेशान है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि भाजपा की इस निकम्मी सरकार को चलता करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुए उप चुनावों के बाद अब प्रदेश सहित देश में भाजपा का पतन शुरू हो गया है।प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों में प्रदेश में कांग्रेस की लोकप्रिय सरकार बनेगी और चौपाल क्षेत्र का कायाकल्प होगा।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य जगदीश जिंटा, सचिव प्रदेश कांग्रेस पवन चौहान, चन्द्र मोहन ठाकुर, यशपाल तनाईक, सुरेन्द्र मोहन मेहता, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी हरि राम शास्त्री, महेश ठाकुर युवा कांग्रेस, प्रदीप मेहता, रमेश कांटा, सुनील शर्मा, संजय चौहान, दिनेश शर्मा, सतीश ठाकुर, चेतराम, सुरेश बेस्टा, राजेश चौहान, सुरेश सोहटा, यशपाल ठाकुर, मस्त राम ठाकुर, संजीव किमटा व सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
