Spread the love

कुल्लू। जिलाधीश कुल्लू आशुतोष गर्ग ने कहा कि बीते दिनों ऐतिहासिक गांव मलाणा में अग्निकांड के घटना दुखद थी। इसमें अनेक परिवार बेघर हो गए। हालांकि जिला प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को नियमानुसार फौरी राहत प्रदान की। प्रभावितों के स्थाई पुनर्वास की व्यवस्था भी की गई, लेकिन अग्निकांड में संपत्ति के अलावा भावनात्मक तौर पर जोक लोगों का नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई नहीं की जा सकती।
आशुतोष गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए संजीदगी के साथ काम कर रहा है। बुधवार को जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से प्रत्येक प्रभावित परिवार को 20 हजार की सहायता राशि प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि राशि का वितरण एसडीएम विकास शुक्ला के माध्यम से करवाया गया। उल्लेखनीय है कि कुछ रोज पहले जिलाधीश ने समाज के संभ्रांत वर्ग तथा आम जनमानस से मलाणा के प्रभावित परिवारों की मदद के लिए जिला रेडक्रॉस में अंशदान करने की अपील की थी। डीसी ने बताया कि समाज के बहुत से लोग इस पुनीत कार्य के लिए आगे आए और लोगों ने अंशदान भी किया। इसमें हिमालयन हाईडल एनर्जी ने 50 हजार रुपए, हिमालयन बुद्धिस्ट कल्चरल सोसायटी ने 15 हजार, यमुना, पुष्पा, राजपाल ने एक-एक हजार रुपए और मनोहर, दिशा, अंकुश, कमलकान्त, कुलदीप  ने 500-500 रुपए का अंशदान दिया। डीसी ने कहा कि लोगों का थोड़ा-थोड़ा अंशदान पीड़ित मानवता जरूरतमंद लोगों के लिए बहुत बड़ा मददगार बनकर सामने आया है। उन्होंने समाज से पुनः अपील की कि रेड क्रॉस में पीड़ित मानवता की सहायता के लिए कुछ ना कुछ अंशदान अवश्य करें। इससे किसी बीमार व्यक्ति को उपचार सुविधा मिल सकती है और व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *