Spread the love

मनाली। कांग्रेस नेता व मंडी संसदीय सीट से पार्टी उम्मीदवार प्रतिभा सिंह ने कहा है कि उपचुनाव के परिणाम मोदी सरकार की तानाशाही, बढ़ती महंगाई बेरोजगारी के खिलाफ एक बड़ा जनमत साबित होगा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी से आम जनता परेशान है और भाजपा सरकार इसे कोई मुद्दा नहीं मानती है। उन्होंने कहा कि लोगों को महंगाई पर चोट करनी है और अहंकारी सरकार को बताना है कि उनकी रोजी रोटी और महंगाई ही सबसे बड़ा मुद्दा है। वे बुधवार को जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति के सिसु में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक में बोल रही थी। 

प्रतिभा सिंह ने अपने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन भारी बर्फबारी के बीच लाहौल-स्पीति के सिसु पहुंची और वहां लाहौल के पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। प्रतिभा सिंह ने कहा कि आज उन्होंने इस पूरे क्षेत्र का दौरा कर अपनी चुनावी बैठकों को सम्बोधित करना था, लेकिन बर्फबारी की वजह से वह निर्धारित बैठकें नहीं कर सकी, इसका उन्हें खेद है। उन्होंने कहा कि यह उप चुनाव देश व प्रदेश में बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी के खिलाफ जनमत संग्रह होगा।प्रतिभा सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का जनजातीय क्षेत्रों के लोगों के साथ एक विशेष ही लगाव था, क्योंकि वह इन जनजातीय क्षेत्रों के लोगों की समस्याओं व उनके दर्द को भलीभांति समझते और जानते थे। उन्होंने विकास को प्राथमिकता देते हुए इस क्षेत्र के विकास कार्यों को विशेष बजट का प्रावधान किया था। उन्होंने कहा कि आज वीरभद्र सिंह उनके बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श उनका मार्गदर्शन आज भी हमारे पास है।

प्रतिभा सिंह ने प्रदेश भाजपा सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि जयराम सरकार ने इस कोरोना काल में पर्यटन से जुड़े किसी भी क्षेत्र, होटलों, टेक्सी व बस ऑपरेटरों की कोई भी मदद नहीं की। उन्होंने कहा कि न तो किसानों की हितेषी है और न ही बागवानों की। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रो की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री इन दिनों उड़न खटोले में ज्यादा और सड़क पर कम चलते हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में सड़कों की हालत खस्ता है और इसकी तरफ भाजपा सरकार का कोई ध्यान नहीं है। 
प्रतिभा सिंह ने कहा कि मंडी संसदीय क्षेत्र से वह फिर से चुनाव में उतरी हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वह लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़ कर भाग लें और उन्हें भारी मतों से जिताएं। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव अनीस अहमद, पूर्व विधायक रघुवीर ठाकुर, रवि ठाकुर, जिलाध्यक्ष ग्याल सिंह ठाकुर, जिला परिषद सदस्य अनुराधा, प्यारे लाल सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे। 


बाक्स रोहतांग सुरंग कांग्रेस नेताओं की देन – प्रतिभा 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि रोहतांग सुरंग का निर्माण स्व. इंदिरा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी, डॉ. मनमोहन सिंह व सोनिया गांधी की देन रही है। सोनिया गांधी ने इस सुरंग का शिलान्यास कर लाहौल-स्पीति क्षेत्र के लोगों की मांग को पूरा किया था। प्रतिभा सिंह ने कहा कि भाजपा की संकीर्ण मानसिकता के चलते उन्होंने इस शिलान्यास पट्टिका को हटा दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा इतिहास को बदलने की कोशिश कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *