आनी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार गरीबों को लिए समर्पित है। क्षेत्रवाद पर कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की हालत पूरे देश में खराब है। आने वाले कई सालों तक कांग्रेस बिल्कुल खत्म है। यह इसलिए क्योंकि लोगों को अब कांग्रेस की सच्चाई पता है। इनके पास न तो नेता है और न ही नेतृत्व है। वे रविवार को मंडी संसदीय हलके के आनी विधानसभा क्षेत्र के शवाड़ में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में लोगों के मुफ्त इलाज के लिए हिमकेयर योजना चलाई। इस योजना के माध्यम से अब तक 2 लाख से ज्यादा लोगों को मुफ्त उपचार हुआ गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता गरीबों के लिए किए जा रहे इन कामों को काम नहीं मानते। उन्होंने कहा कि शायद कांग्रेस नेता घोटालों और भ्रष्टाचार को ही अपना काम मानते हैं। सीएम ने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं कि मुख्यमंत्री तो मंडी-मंडी ही कहते रहते हैं। मेरे लिए मंडी का मतलब पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र से है। क्षेत्रवाद तो तब होता था, जब हरी टोपी पहन कर ही काम हो जाते थे। जो टोपी हमारी संस्कृति की पहचान है, उसका भी राजनीतिकरण कर दिया था। आज पूरा हिमाचल किन्नौर से सिरमौर तक एक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश पीएम मोदी के नेतृत्व में मजबूत हाथों में है। कश्मीर में धारा 370 समाप्त की गई। आज पूरा देश एक झंडे के नीचे है। आज राम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण युद्ध स्तर पर चल रहा है। कोरोना जैसे संकट काल में भी ऐसे निर्णय लिए गए, जिससे आज देश कोरोना मुक्त होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को जिताकर दिल्ली भेजने की अपील करते हुए कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी को बढ़त 25 हजार से अधिक होनी चाहिए।
शवाड़ में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पूर्व जिला परिषद सदस्य लोकेंद्र और उनकी पत्नी जो मौजूदा बीडीसी सदस्य हैं, भाजपा में शामिल हो गए। मुख्यमंत्री ने उनका पार्टी ज्वाइन करने पर स्वागत किया।
