Spread the love

रामपुर बुशहर। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को मंडी संसदीय हलके से कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के गृह क्षेत्र रामपुर में गरजे। उन्होंने वहां कांग्रेस पर हमलावर तेवर अपनाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता 70 साल से अधिक उम्र के लाखों लोगों के लिए पेंशन के प्रावधान, घर-घर चूल्हा देने और हिम केयर योजना के तहत हुए लाखों लोगों के मुफ्त इलाज को काम नहीं मानते। कांग्रेस के लिए लाखों करोड़ के घोटाले ही काम हैं। उन्होंने वहां भाजपा प्रत्याशी खुशाल ठाकुर के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि मंडी संसदीय सीट से भाजपा ने पूर्व फौजी को टिकट दिया है, कांग्रेस इसे पचा नहीं पा रही। कांग्रेस के नेता कारगिल जैसे युद्ध को भी छोटा मानते हैं। 

मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस के नेता कहते हैं कि सेना के जवानों का राजनीति में क्या काम। मुझे लगता है कि आज की राजनीति में ईमानदारी व निष्ठा से काम करने वालों की जरूरत है। एक फौजी से सच्चा व ईमानदार शख्स और कौन होगा? इसलिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को टिकट दिया है।” मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में रामपुर सरकारी कार्यक्रम के तहत आना हुआ था। उस दौरान यहां जो बातें कही गई, उन्हें उपचुनाव के बाद जरूर पूरा किया जाएगा। 

जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते हैं कि जो भी विकास हुआ है ये उन लोगों की देन है। ऐसे में कांग्रेस के नेताओं को यह भी स्वीकार करना चाहिए कि ये महंगाई किसकी देन है। आज प्रदेश में हमारी सरकार को बने हुए तीन साल से ज्यादा का वक्त हुआ है। कांग्रेसी कहते हैं कि बेरोजगारी और महंगाई बहुत बढ़ गई है। इतने साल तक वो लोग सत्ता में रहे, उन्होंने बेरोजगारी और महंगाई को लेकर क्या किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कांग्रेस के लोग कहते हैं कि हिमाचल में सरकार ने कोई काम नहीं किया। हमने हिमाचल में चार लाख से ज्यादा 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए पेंशन का प्रावधान किया। घर-घर चूल्हा पहुंचाया। हिमकेयर योजना के तहत लाखों लोगों का मुफ्त इलाज हुआ। कांग्रेस के लोग इसको काम नहीं मानते। कांग्रेस के लोग तो एक लाख 76 हजार करोड़, एक लाख 86 हजार करोड़ के घोटालों को ही काम मानते हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा कि वे खुशाल ठाकुर को जिताकर दिल्ली भेजिए। 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *