Spread the love

भरमौर। मुख्यमंत्री जय़राम ठाकुर ने कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं की रैली में संवेदनाएं व सत्यता कम और राजनीति ज्यादा है। वे बुधवार को मंडी संसदीय क्षेत्र के तहत भरमौर में बीजेपी प्रत्याशी खुशाल ठाकुर के लिए चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने भी रामस्वरूप शर्मा को खोया है। उन्हें वीरभद्र सिंह, नरेंद्र बरागटा, सुजान सिंह पठानिया के जाने का दुख है। उन्होंने कहा कि क्या हमें भावनाओं में बहकर काम करना है? भरमौर विधानसभा को विकास की आवश्यकता है। विकास का काम तब किया जा सकता है जब केंद्र और हिमाचल में बीजेपी की सरकार को मजबूत किया जाए।जयराम ठाकुर ने कहा कि भरमौर भौगोलिक दृष्टि से काफी कठिन है। ये इलाका उनके सिराज विधानसभा जितना कठिन है। जब से भारतीय जनता की पार्टी की सरकार बनी है, यहां विकास ने बहुत गति पकड़ी है। भरमौर विधानसभा में पिछले दौरे में ही एक साथ 456 करोड़ के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम किए थे। भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए आज पहले इतना पैसा किसी सरकार ने नहीं दिया। कोविड संकट के बावजूद भरमौर में हमने विकास कार्यों को थमने नहीं दिया। 
मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद स्व. रामस्वरूप शर्मा को भी याद किया। उन्होंने कहा कि भरमौर से 2019 के लोकसभा चुनाव में 20 हजार वोट की बढ़त रामस्वरूप शर्मा को मिली थी। शायद ये आज तक के सभी लोकसभा चुनाव में भरमौर से सबसे बड़ी लीड थी। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग बोल रहे थे कि भरमौर में मुश्किल आएगी, यहां वीरभद्र सिंह के समर्थक हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि वे उन्हें बताना चाहते हैं कि यहां तो नरेंद्र मोदी के भी समर्थक हैं। ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को सांसद चुनकर नरेंद्र मोदी के पास भेजना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका अब तक का कार्यकाल परीक्षा के दौर से गुजर गया, जिसमें वे पास ही होते रहे। अब इस चुनावी परीक्षा को भी आप सबके सहयोग और समर्थन से पास करेंगे।
इससे पहले बीजेपी प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक पूर्व सैनिक को सम्मान दिया है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह के कारगिल युद्ध पर दिए बयान पर कहा, “ये कहा गया कि कारगिल तो छोटा-मोटा युद्ध था। कारगिल में देश के 527 और हिमाचल के 52 रणबांकुरे शहीद हुए। मेरी 18 ब्रिगेडियर के 34 जवान शहीद हुए। ऐसे युद्ध पर भी इस तरह की टिप्पणी की गई। वो बयान इन सभी वीरों और शहीदों का अपमान है।”

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *